बदायूं: चोरो‍ं के हौसले बुलंद, दिन दहाड़े लूट ली आंगनबाड़ी कार्यकत्री की चेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बदायूं। शहर में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दिन दहाड़े घटना को अंजाम देने तक से नहीं चूकते। गुरुवार को दोपहर के समय शहर की घनी आबादी होने के बाद भी बाइक सवार दो स्नेचर एक महिला की चेन लूटकर भाग गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी। पुलिस ने आसपास घरों …

अमृत विचार, बदायूं। शहर में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दिन दहाड़े घटना को अंजाम देने तक से नहीं चूकते। गुरुवार को दोपहर के समय शहर की घनी आबादी होने के बाद भी बाइक सवार दो स्नेचर एक महिला की चेन लूटकर भाग गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी। पुलिस ने आसपास घरों पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक की। पीड़ित महिला की ओर से तहरीर दी गई है।

कोतवाली मिर्धाटोला निवासी अनीता गुप्ता पत्नी राजकुमार वैश्य आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। गुरुवार को दोपहर लगभग एक बजे मोहल्ला कूंचा पांडा में आधार कार्ड संबंधी सर्वे कर रही थीं। घर-घर जाकर परिजनों से उनके आधार कार्ड के बारे में पूछकर जानकारी नोट कर रही थीं। एक घर के बाद वह अगले घर में जा रही थीं। मोहल्ले के विवेक पुस्तकालय के सामने से गुजरने के दौरान दो बाइक सवार अनीता गुप्ता के पीछे से आए और उनके गले पर छपट्टा मार लिया और एक तोले से ज्यादा वजन की चेन लूटकर ले गए।

अनीता गुप्ता चिल्लाईं तो आसपास लोग एकत्र हो गए। तब तक बदमाश भाग चुके थे। कोतवाली सदर पुलिस के साथ अपने पति राजकुमार वैश्य को सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पहले अनीता गुप्ता से घटना के संबंध में जानकारी की। अनीता गुप्ता ने बताया कि बदमाश अपाचे बाइक से उनके पीछे से आए थे। अचानक उनके गले पर छपट्टा मारा और तेजी से बाइक लेकर बाजार की तरफ भाग गए। पुलिस ने आसपास घरों के बाहर की स्थिति देखी।

घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरा चेक किया। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि तकरीबन सप्ताह भर पहले बाइक सवार बदमाश कोतवाली सदर क्षेत्र के हरप्रसाद मंदिर के पास एक महिला के कुंडल लूटकर ले गए थे। पुलिस ने तहरीर तो ले ली थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही घटना का खुलासा किया गया।

इसके बाद पुलिस अनीता गुप्ता को बुलाकर ले गई। पुलिस चौकी मालवीयगंज पर पीड़ित अनीता गुप्ता ने तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिसके बाद अनीता गुप्ता अपने घर लौट गईं। सदर कोतवाल देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर दी गई है। मोहल्ले में घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। जिसके बाद कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार