मुरादाबाद : लेखपाल भर्ती परीक्षा में तीन सॉल्वर और एक नकलची गिरफ्तार
मुरादाबाद,अमृत विचार। सॉल्वर गैंग ने लेखपाल भर्ती परीक्षा में भी सेंध लगा दी। मेरठ की एसटीएफ ने मुरादाबाद में दो केंद्रों में दबिश देकर तीन सॉल्वर और एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। हत्थे लगे सभी आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए पेपर हल कर रहे थे। पूछताछ में साल्वर गैंग के तीन सदस्यों ने ठेका …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सॉल्वर गैंग ने लेखपाल भर्ती परीक्षा में भी सेंध लगा दी। मेरठ की एसटीएफ ने मुरादाबाद में दो केंद्रों में दबिश देकर तीन सॉल्वर और एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। हत्थे लगे सभी आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए पेपर हल कर रहे थे। पूछताछ में साल्वर गैंग के तीन सदस्यों ने ठेका लेने के बाद पांच से 10 हजार रुपये एडवांस लेने की बात कबूल की है। एसटीएफ ने इनके पास से एक कार भी बरामद की है। हत्थे लगे गैंग के सदस्यों से पुलिस व एसटीएफ रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए पूछताछ कर रही है।
रविवार को जिले के 33 केंद्रों में लेखपाल भर्ती परीक्षा हुई। पिछली कुछ परीक्षाओं में पकड़ गए मुन्ना भाइयों के कारण इस बार शासन काफी सख्त था। निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिलेवार पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एसटीएफ को भी लगाया गया था। एसपी सिटी आलोक भदौरिया के अनुसार परीक्षा को लेकर कुछ दिनों से एसटीएफ संदिग्ध फोन काल ट्रैस कर रही थी। पेपर में साल्वर गैंग के सदस्यों द्वारा सेंध लगाने की सूचना पर शनिवार की रात ही एसटीएफ ने मुरादाबाद में डेरा डाल दिया था।
बकौल एसपी सिटी पेपर छूटने से कुछ समय पहले एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार स्थित स्वरूपी देवी मेमोरियल इंटर कालेज और सिविल लाइंस स्थित पीएमएस स्कूल में छापा मारा। दोनों केंद्रों से टीम ने हरियाणा के सोनीपत के निवासी मोहित, नीरज, रवींद्र और बागपत निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है। जिसमें बागपत संदीप खुद अभ्यर्थी है। पुलिस ने इनके पास से एक कार, पांच मोबाइल, दो आधार कार्ड, एक वोटर आईडी, आठ प्रवेश पत्र और चार हजार रुपए बरामद किए हैं।
एसपी सिटी के अनुसार सभी आरोपी ब्लूटूथ के जरिए पेपर हल कर रहे थे। सीओ सिटी आशुतोष तिवारी के अनुसार हत्थे लगे नीरज ने पूरी योजना बनाई थी। पास कराने का ठेका तय होने के बाद गैंग के सदस्यों ने पांच से दस हजार रुपये एडवांस लिए थे। पूरे रैकेट का पर्दा फाश करने के लिए टीम सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : तीन लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी विटामिन-ए की खुराक, तीन अगस्त से चलेगा अभियान
