अयोध्या: जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत, छह घायल
बीकापुर/अयोध्या। कोतवाली अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के सेमरा गांव में मंगलवार शाम करीब 3 बजे दो पक्षों में जमीनी विवाद और कब्जेदारी को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना में 6 लोगों के घायल होने का समाचार है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर …
बीकापुर/अयोध्या। कोतवाली अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के सेमरा गांव में मंगलवार शाम करीब 3 बजे दो पक्षों में जमीनी विवाद और कब्जेदारी को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना में 6 लोगों के घायल होने का समाचार है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में 3 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सेमरा गांव निवासी ठाकुर प्रसाद वर्मा और उनके पड़ोसी अजय कुमार वर्मा के बीच काफी अरसे से भूमि का विवाद चल रहा था। मामला उप जिलाधिकारी न्यायालय में चल रहा था। ठाकुर प्रसाद वर्मा द्वारा बताया गया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में आदेश भी पारित किया जा चुका है। उसके बाद उनके द्वारा उपजिलाधिकारी के अलावा कोतवाली में कई बार शिकायत की गई कि विपक्षी द्वारा कब्जा करने में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस भी उदासीन बनी रही।
मंगलवार को भी सुबह से पीड़ित ठाकुर प्रसाद वर्मा कोतवाली में बैठे रहे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उधर, ठाकुर प्रसाद वर्मा के परिवार के लोगों द्वारा विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष अजय कुमार वर्मा के पक्ष के लोगों द्वारा सुनियोजित ढंग से लाठी डंडा और हॉकी से अचानक हमला बोल दिया।

हमले में ठाकुर प्रसाद वर्मा के पक्ष के विवेक कुमार वर्मा (35) पुत्र राजकुमार, रोहित वर्मा (22), राहुल वर्मा (27), सुदामा देवी (40), रजनीश वर्मा (17), जितेंद्र कुमार (27), राजेंद्र प्रसाद (23) घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाया गया। जांच पड़ताल के बाद इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक वेद प्रकाश और डॉ. एसके मौर्य ने विबेक कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया। हमले में घायल सभी पीड़ितों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस के आगे परिवारीजन हत्या के आरोपियों की गिरफ्तार की मांग पर अड़े रहे।
एसपी ग्रामीण परिवारीजनों को समझाते रहे
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी बीकापुर प्रमोद कुमार यादव, एसडीएम प्रशांत कुमार, तहसीलदार आरके वर्मा पीड़ित परिजन को समझाते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक परिवारीजन हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की मांग पर अड़े रहे। ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष जुग्गी लाल यादव सहित ग्रामीणों की अस्पताल में भीड़ लगी है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: जमीनी विवाद में कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, इलाके में सनसनी
