मुरादाबाद : 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा फेल, पूरा दिन चला कटौती का खेल
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में मौसम का मिजाज नर्म होने के बाद भी लगातार बिजली कटौती की जा रही है। इससे विद्युत विभाग का 24 घंटे बिजली देने का दावा फेल होता दिखाई दे रहा है। अधिकांश स्थानों पर सुबह 10 बजे ही कटौती शुरू हो जाती है। यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहता है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में मौसम का मिजाज नर्म होने के बाद भी लगातार बिजली कटौती की जा रही है। इससे विद्युत विभाग का 24 घंटे बिजली देने का दावा फेल होता दिखाई दे रहा है। अधिकांश स्थानों पर सुबह 10 बजे ही कटौती शुरू हो जाती है। यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहता है। इससे लोग काफी परेशान हैं मगर इसका कोई हल फिलहाल बिजली विभाग के पास भी नहीं है।
गर्मी में बिजली ने लोगों के आंसू निकाल दिए। अंधाधुंध कटौती की गई। मगर अधिकारियों ने इसे कागजों में दर्ज नहीं किया। मुख्यालय को भेजी गई रिपोर्ट में शहर में 24 घंटे आपूर्ति का दावा किया गया। 90 प्रतिशत घरों में इनवर्टर होने की वजह से घंटे-दो घंटे की कटौती का लोगों को पता नहीं चल पाता। मगर जब कटौती लंबी होती है तो इनवर्टर भी जवाब दे देते हैं तब उन्हें पता चलता है।
बिजली विभाग का दावा है कि लाइन लॉस काफी कम हो गया है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से लाइन लॉस 18 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत तक पहुंच गया है। बिजली चोरी भी कम हुई है मगर आपूर्ति का ढर्रा कतई नहीं बदला। मंगलवार को भी विजयनगर, कटघर, गोविंद नगर, हिमगिरी, आशियाना, रामगंगा विहार, कटरा नाज, बरवालान, दीवान का बाजार, लालबाग, गलशहीद, डेहरिया मोहल्ला, करुला, नई बस्ती समेत कई क्षेत्रों में सुबह 10 बजे की बिजली कटौती शुरू हो गई। पूरे दिन घंटा-आधा घंटा की कटौती का सिलसिला जारी रहा।
बिजली चोरी की वजह से ओवरलोडिंग की समस्या है। इसे कम करने का प्रयास किया जा रहा है। लोकल फाल्ट की वजह से यह समस्या आती है। विभाग की ओर से कोई कटौती नहीं की जा रही है। लाइन लॉस कम करने का प्रयास किया जा रहा है। -संजय गुप्ता, अधीक्षण अभियंता नगर
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: जांच एजेंसियों के निशाने पर दिल्ली-एनसीआर के शिक्षण संस्थान
