CWG 2022 : बैडमिंटन एकल प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंचे पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत, हिमा दास ने भी अपना मुकाबला जीता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बर्मिंघम। शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत ने गुरुवार को आसान जीत दर्ज कर राष्ट्रमंडल खेलों की अपनी अपनी एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने राउंड 32 के मुकाबले में मालदीव की फातिमा नबाहा अब्दुल रज्जाक को महज 21 मिनट में 21-4 …

बर्मिंघम। शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और किदाम्बी श्रीकांत ने गुरुवार को आसान जीत दर्ज कर राष्ट्रमंडल खेलों की अपनी अपनी एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने राउंड 32 के मुकाबले में मालदीव की फातिमा नबाहा अब्दुल रज्जाक को महज 21 मिनट में 21-4 21-11 से हरा दिया।

वहीं पुरूष एकल स्पर्धा में श्रीकांत ने युगांडा के डेनियल वानागालिया को 21-9 21-9 से शिकस्त दी। पहले कोर्ट में उतरी पिछले चरण की रजत पदक विजेता सिंधु को मुकाबले में जरा भी पसीना नहीं बहाना पड़ा जबकि फातिमा को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। पहले गेम में सिंधु ने आक्रामकता बरते बिना ही मालदीव की प्रतिद्वंद्वी को पस्त कर दिया जिसमें उन्होंने अंक जुटाने के लिये ड्राप शॉट्स का इस्तेमाल किया।

दूसरे गेम में फातिमा ने शुरू में थोड़ी चुनौती पेश की और वह सिंधु के साथ 9-9 की बराबरी पर थी क्योंकि भारतीय खिलाड़ी ने सहज गलतियों से अंक दे दिये थे। लेकिन फिर सिंधू ने ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने आराम से अंक जुटाकर अंतिम 16 में जगह बनाई जबकि प्रतिद्वंद्वी केवल दो अंक ही बना सकी। मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में अपने से निचली रैंकिंग के मलेशियाई खिलाड़ी जे योंग एन से हारने से श्रीकांत काफी निराश थे। लेकिन दुनिया के 13वें नंबर के खिलाड़ी ने अपने क्रास कोर्ट कोण लेते ड्रॉप शॉट्स की बदौलत अंक जुटाये। युगांडा के खिलाड़ी को अपने ज्यादातर अंक श्रीकांत की सहज गलतियों से मिले।

हिमा दास भी अपना मुकाबला जीत गईं 
भारत की स्टार स्प्रिंटर हिमा दास गुरुवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की 200 मीटर स्पर्धा में अपनी हीट में 23.42 सेकेंड का समय निकालकर पहले स्थान पर रहीं, जिससे उन्होंने सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई किया। हिमा (22 वर्ष) पांच महिला धाविकाओं की हीट में शुरू से ही सबसे आगे रहीं जिसमें जाम्बिया की रोडा नजोबवु 23.85 सेकेंड से दूसरे स्थान पर जबकि युगांडा की जासेंट नयामहुंगे 24.07 सेकेंड के समय से तीसरे स्थान पर रहीं। महिलाओं की 200 मीटर रेस में छह हीट से शीर्ष 16 सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी। हिमा ने हीट 2 जीती लेकिन हीट 1 में नाईजीरिया की फेवर ओफिली (22.71 सेकेंड) और हीट 5 में इलेन थॉम्पसन हेरा (22.80 सेकेंड) ने उनसे काफी बेहतर समय निकाला। हिमा की तुलना में कम से कम छह खिलाड़ियों ने बेहतर समय निकाला जो सेमीफाइनल में पहुंची।

ये भी पढ़ें : CWG 2022 : रजत पदक से खुश नहीं हैं तूलिका मान, बोलीं-अगली बार पदक का रंग बदलना होगा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज