संभल: राजघाट मंदिर में मूर्तियां खंडित करने पर क्षेत्र में तनाव, घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात
संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। सावन माह में कांवड़ यात्रा के बीच शरारती तत्वों ने एक बार फिर मंदिर में मूर्तियां खंडित कर जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। घटना की जानकारी होने पर हिंदू संगठनों के लोगों ने रोष जताया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को …
संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। सावन माह में कांवड़ यात्रा के बीच शरारती तत्वों ने एक बार फिर मंदिर में मूर्तियां खंडित कर जिले का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। घटना की जानकारी होने पर हिंदू संगठनों के लोगों ने रोष जताया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत करा दिया। तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने मंदिर के पुजारी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह घटना कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गंगा घाट राजघाट मंदिर की है। गुरुवार को मंदिर में शरारती तत्वों ने गंगा घाट पर भगवान विष्णु के मंदिर में विष्णु और मां लक्ष्मी की मूर्तियों को तोड़ दिया। मंदिर के महंत बाबा श्याम गिरी ने बताया कि मूर्तियों को टूटा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना दिन में किसी समय होने की आशंका है। मंदिर के सेवादार रामकुमार ने बताया कि जब वह मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ पड़ा था और मूर्ति खंडित थी। इसको लेकर गुन्नौर पुलिस को सूचना दी गई। जिस की सूचना मोहल्ले आग की तरह फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम रामकेश धामा और अंडर ट्रेनिंग सीओ आलोक सिद्धू ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र पाल पूनिया ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा मूर्ति तोड़ने की बात सामने आ रही है। मंदिर के आस पड़ोस रहने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ शराब, भांग आदि के नशेड़ी लोग मंदिर के इधर-उधर घूमते नजर आते हैं। शराब पीने वाले व शरारती तत्वों ने ऐसा काम किया गया होगा। हालांकि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- संभल: बच्चों की बीच कहासुनी के दौरान धक्का देने से ग्रामीण की मौत, रिपोर्ट दर्ज
