कानपुर : रमईपुर- भाऊपुर मार्ग पर अक्टूबर से भरिए फर्राटा, 51.90 करोड़ रुपये से बनाई जा रही है सड़क
कानपुर, अमृत विचार। रमईपुर- भाऊपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अक्टूबर में पूरा हो जाएगा। इस मार्ग निर्माण का कार्य फिलहाल बारिश की वजह से बंद है। बारिश में डामरीकरण करने का मतलब है कि गिट्टी बह जाएगी और सड़क टूट जाएगी या फिर धंस जाएगी। ऐसी स्थिति में करोड़ों रुपये बर्बाद हो जाएगा। यही …
कानपुर, अमृत विचार। रमईपुर- भाऊपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अक्टूबर में पूरा हो जाएगा। इस मार्ग निर्माण का कार्य फिलहाल बारिश की वजह से बंद है। बारिश में डामरीकरण करने का मतलब है कि गिट्टी बह जाएगी और सड़क टूट जाएगी या फिर धंस जाएगी। ऐसी स्थिति में करोड़ों रुपये बर्बाद हो जाएगा। यही वजह है कि ठेकेदार ने गिट्टी डालने के बाद काम बंद कर दिया है। बारिश में वाहन चल रहे हैं। इससे गिट्टी दब रही है। इससे सड़क जब बनेगी तो धंसने का खतरा भी नहीं रहेगा। इस सड़क के बन जाने से रमईपुर से कैंधा होते हुए सचेंडी के रास्ते भाऊपुर जाना आसान हो जाएगा। इसके बाद तो रमईपुर से मंधना जाने में भी कम समय लगेगा।
रमईपुर में ही मेगा लेदर क्लस्टर की स्थापना होनी है। 105 हेक्टेयर में यह क्लस्टर बनना है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण भी हो गया है। इस क्लस्टर के लिए इस मार्ग की स्थापना जरूरी है। इसलिए विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने पिछले साल तत्कालीन उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस सड़क को मंजूरी दी और लोक निर्माण विभाग ने टेंडर कर काम शुरू करा दिया। इस सड़क का निर्माण 51.90 करोड़ रुपये से होगा।
23.450 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से ही लेदर क्लस्टर के उद्यमी अपने माल को इटावा, झांसी की ओर भेज सकेंगे क्योंकि उन्हें रमईपुर से कानपुर- इटावा और कानपुर- झांसी हाईवे पर पर आना आसान हो जाएगा। भाऊपुर स्टेशन तक माल भेजकर ट्रेनों में लोड कराया जा सकेगा। इसके साथ ही मजदूरों को आने जाने में भी आसानी होगी। रमईपुर के सेन पूरब पारा गांव के समीप काला नमक बनाने वाले लोग भी आसानी से कच्चा माल और अपने उत्पाद के गंतव्य तक ला सकेंगे और ले जा सकेंगे। विधायक अभिजीत सिंह सांगा का कहना है कि मंधना से भाऊपुर स्टेशन तक भी एक सड़क बनेगी। इसके बन जाने से तो रमईपुर से सीधे भाऊपुर होते हुए मंधना तक आवागमन आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ें-सावन का चौथा और अंतिम सोमवार है बेहद खास, बना एकादशी का संयोग
