मुरादाबाद : हाईवे पर डिवाइडर से टकराई मजदूरों से भरी बस, एक की मौत
मुरादाबाद,अमृत विचार। लुधियाना से मजदूरों को भर कर बहराइच जा रही एक निजी बस सोमवार को तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल सात यात्रियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। कांवड़ पथ पर तड़के मार्ग दुर्घटना …
मुरादाबाद,अमृत विचार। लुधियाना से मजदूरों को भर कर बहराइच जा रही एक निजी बस सोमवार को तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल सात यात्रियों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। कांवड़ पथ पर तड़के मार्ग दुर्घटना से घंटो अफरातफरी का माहौल रहा।
पुलिस के मुताबिक लुधियाना से 56 यात्रियों को लेकर बहराइच रवाना बस नंबर यूपी 43 टी 9151 सोमवार को तड़के करीब 3.40 बजे कटघर व कुंदरकी थाना क्षेत्र के बार्डर पर ऊंचा कानी मिलक गांव के सामने पहुंची थी। तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
रामपुर से ब्रजघाट को जाने वाले कांवड़ पथ पर अफरातफरी मच गई। पुलिस की मदद से सभी 8 घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक यात्री ने कुछ ही देर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शेष सात यात्रियों का इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की सूचना घायलों के परिजन को दे दी है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: खेल रहे बच्चों ने कांवड़ियों को मारा पत्थर, हंगामा
