नीतीश कुमार पर जमकर बरसे भाजपा प्रवक्ता, कहा- बिहार में फिर लौटा ‘जंगलराज’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली महागठबंधन सरकार के गठन के बाद से राज्य में हुई अपराध की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में एक बार फिर ‘‘जंगलराज’’ लौट आया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली महागठबंधन सरकार के गठन के बाद से राज्य में हुई अपराध की विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में एक बार फिर ‘‘जंगलराज’’ लौट आया है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 10 अगस्त से लेकर 12 अगस्त के बीच बिहार में पत्रकारों सहित कई लोगों की हत्या हुई है और एक पुजारी को गला रेत कर मारा गया है। इस दौरान उन्होंने राज्य में हुई बलात्कार की कुछ घटनाओं के साथ ही छपरा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का भी जिक्र किया।

पात्रा ने कहा, ‘‘राज्य में तेजी से अव्यवस्था फैल रही है। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि राज्य में ‘जंगलराज’ लौट आया है।’’ भाजपा बिहार में राजद के शासनकाल को अक्सर ‘‘जंगलराज’’ कहती है और इसे हर चुनाव में मुद्दा भी बनाती है।

पात्रा ने दावा किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार के दौरान गृह और उत्पाद विभाग भाजपा के पास नहीं हुआ करते थे इसके बावजूद भाजपा के दबाव में अपराध की तमाम घटनाओं पर अंकुश रहता था। उन्होंने 10 लाख रोजगार देने के तेजस्वी यादव के वादे का उल्लेख करते हुए उनपर भी हमला बोला और कहा कि इस बारे में उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 10 लाख नौकरियों के बारे में जब तेजस्वी से पूछा गया तो उन्होंने जवाब में कहा कि अभी तो वह मुख्यमंत्री नहीं बने हैं और जब वह मुख्यमंत्री बनेंगे, तब नौकरी देंगे। नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद के चुनावी अभियान का नेतृत्व करते हुए कहा था कि यदि राज्य में उनकी सरकार बनेगी तो वह 10 लाख रोजगार देगी।

बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होकर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाईटेड) ने राष्ट्रीय जनता दल से हाथ मिला लिया है। नई सरकार में 10 अगस्त को नीतीश ने मुख्यमंत्री पद की और राजद नेता तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

ये भी पढ़ें- अब विपक्ष को एकजुट करेंगे सीएम नीतीश, पीएम पद को लेकर कही ये बात

संबंधित समाचार