यूपी: मुख्यमंत्री फेलोशिप के लिए आवेदन शुरू, 24 अगस्त है अंतिम तिथि
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकार के साथ नीति, प्रबंधन, क्रियान्वयन, अनुश्रवण के कार्यों में सहभागिता का खास मौका देने के उद्देश्य से शुरू की गई ’मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम’ के लिए 24 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। नियोजन विभाग के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त से शुरू …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकार के साथ नीति, प्रबंधन, क्रियान्वयन, अनुश्रवण के कार्यों में सहभागिता का खास मौका देने के उद्देश्य से शुरू की गई ’मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम’ के लिए 24 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। नियोजन विभाग के सचिव आलोक कुमार ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त से शुरू हो चुका है। चयनित युवाओं द्वारा प्रदेश के 100 आकांक्षात्मक विकास खंडों में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का समवर्ती मूल्यांकन किया जाएगा।
यही नहीं, शोधार्थियों द्वारा योजनाओं के संचालन में आ रही चुनौतियों के निराकरण तथा योजनाओं से जनमानस को अपेक्षित लाभ पहुंचाने के लिये सुझाव भी लिए जायेंगे, साथ ही योजना से सम्बंधित नीति निर्धारण योजना संरचना व योजना के कार्यान्वयन से सम्बंधित कार्यों में प्रतिभाग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीधी निगरानी वाले ’आकांक्षी ब्लॉक’ कार्यक्रम में नियुक्त होने वाले इन शोधार्थियों को पारिश्रमिक के रूप में 30 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जाएगा। पारिश्रमिक के अतिरिक्त भ्रमण के लिए 10 हजार रुपये प्रति माह का भुगतान किया जाएगा और टेबलेट खरीद के लिए एकमुश्त 15 हजार रुपये भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, यथासंभव विकास खंड में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नियोजन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री फेलोशिप के लिए तय मानकों में कृषि, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज तथा संबद्ध क्षेत्र वन, पर्यावरण एवं जलवायु, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और कौशल विकास, ऊर्जा व नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन तथा संस्कृति डाटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आइटी, आइटीईएस, जैव प्रौद्योगिकी, मशीन लर्निंग डाटा गवर्नेंस बैंकिंग, वित्त व राजस्व, लोक नीति और गवर्नेंस सेक्टर के युवा आवेदन सकते हैं। विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर ली जा सकती है।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: उच्च शिक्षा के नक्शे पर चमका दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय
