मुरादाबाद : सड़क हादसों में महिला समेत तीन की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में आठ घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में शामिल दो युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। जबकि ट्रक की चपेट में आकर जान गंवाने वाली महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शनिवार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में आठ घंटे के भीतर हुए दो सड़क हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में शामिल दो युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। जबकि ट्रक की चपेट में आकर जान गंवाने वाली महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शनिवार को पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया। एक ही गांव के दो युवकों की दर्दनाक मौत से मोर्चरी हाउस से लेकर पोस्टमार्टम तक अफरातफरी का माहौल रहा।
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा के मुताबिक थाना क्षेत्र में नया गांव के समीप एक अर्द्धविक्षिप्त महिला बीते कुछ दिनों से एनएच 24 व इसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार देखी जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार को सुबह करीब छह बजे महिला नया गांव अंडर पास के समीप हाईवे पार करने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार एक कैंटर चालक की महिला पर नजर पड़ गई। सामने आई महिला की जान बचाने की कोशिश में चालक ने तेज ब्रेक लगाया। बदहवासी के हाल में हाईवे पर दौड़ भाग कर रही महिला अचानक दूसरे ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान नहीं हो पाई।
उधर शुक्रवार देर रात रामगंगा पुल पर दो बाइक की आमने सामने टक्कर में एक ही गांव के दो युवकों की मौत हो गई। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मैनी माथीपुर गांव का रहने वाला 22 वर्षीय नरेश पुत्र हरप्रसाद शुक्रवार रात गांव के ही विजयपाल (20) के साथ बाइक पर सवार होकर मुरादाबाद जिला अस्पताल आ रहे थे। दोनों बाइक सवार रामगंगा पुल के समीप पहुंचे थे। तभी सामने से आ रहे अंशु पुत्र भूरा निवासी ग्राम मजरा त्रिलोकपुर थाना भोजपुर की बाइक से दोनों की टक्कर हो गई।
हादसे में विजयपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शेष दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार शुरू होने के कुछ ही देर बाद नरेश की भी मौत हो गई। एक ही गांव के दो युवकों की मौत होने से जिला अस्पताल में अफरातफरी मच गई। शनिवार को कटघर पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया। एक ही गांव के दो युवकों की दर्दनाक मौत से पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों का तांता लगा रहा। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एमडी ने विवादित एसडीओ का संभल किया तबादला
