बरेली: शराब पीता तो पांच दिन पहले हो जाती जीशान की हत्या!
अमृत विचार, बरेली। आकांक्षा एंक्लेव निवासी जीशान की हत्या 1 अगस्त को की गई थी। हत्यारोपी पांच दिन पहले ही उसे मारना चाहते थे, लेकिन उस दिन जीशान ने शराब नहीं पी थी, जिस कारण वह मौत से बच गया। यह खुलासा जोया के आशिक फुरकान और वसीम ने पुलिस के सामने किया। बुधवार को …
अमृत विचार, बरेली। आकांक्षा एंक्लेव निवासी जीशान की हत्या 1 अगस्त को की गई थी। हत्यारोपी पांच दिन पहले ही उसे मारना चाहते थे, लेकिन उस दिन जीशान ने शराब नहीं पी थी, जिस कारण वह मौत से बच गया। यह खुलासा जोया के आशिक फुरकान और वसीम ने पुलिस के सामने किया। बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। जोया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आकांक्षा एंक्लेव निवासी जीशान की हत्या उसकी पत्नी जोया ने अपने प्रेमी फुरकान और उसके साथी वसीम निवासी कलारी के साथ मिलकर एक अगस्त को की थी। हत्या की रिपोर्ट डॉ. उजमा अख्तर ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाई तो फुरकान और वसीम का नाम भी सामने आया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके पूछताछ की। फुरकान ने पुलिस को बताया कि जोया और उसने 26 जुलाई को जीशान की हत्या की योजना तैयार की थी, लेकिन उस दिन वह शराब नहीं पिए था। यदि उस दिन जीशान शराब पीता तो वह लोग हत्या कर देते। 1 अगस्त को जीशान ने पांच केन बीयर पी और नशे में लेट गया। तब रात को करीब 12 बजे जोया ने कॉल करके उसे बुलाया। जोया के बुलाने पर वह और उसका साथी वसीम वहां आकांक्षा एंक्लेव पहुंचे, दरवाजा खुला था। घर में दाखिल होने के बाद जोया, वसीम के साथ मिलकर फुरकान ने जीशान को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वसीम व फुरकान वहां से चले गए।
फुरकान को बचाने का प्रयास करती रही जोया
गिरफ्तार होने के बाद जोया पुलिस को गुमराह करती रही। उसने पुलिस के सामने कहा कि अकेले उसने ही हत्या की है। उससे धोखे से जीशान की हत्या हो गई। लेकिन पुलिस ने जब कॉल डिटेल से हत्या की गुत्थी सुलझाना शुरू किया तो एक एक कड़ी खुलती चली गई। इसकी एक वजह रही कि जीशान की बहन ने जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उनमें फुरकान व वसीम का नाम नहीं था। जोया ने समझा अब उसका प्रेमी पुलिस के शिकंजे से बच जाएगा, लेकिन अंत में पकड़ा गया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर संजय कुमार धीर ने बताया कि वसीम व फुरकान को जेल भेज दिया गया। वसीम ने 50 हजार रुपये मांगे थे, हत्या के बाद रुपये देने की बात हुई थी, लेकिन तब तक जोया को पुलिस ने उठा लिया।
ये भी पढ़ें- बरेली: गणेश चौथ मेले को लेकर रेल प्रशासन का तोहफा, ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच
