कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुरादाबाद पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
मुरादाबाद,अमृत विचार। पुलिस की सराहनीय पहल ने शुक्रवार की रात वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। देर रात दरवाजा खटखटा कर खाकी ने वरिष्ठ नागरिकों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसाद सौंपा। पुलिस की इस पहल की वृद्धजनों ने न सराहना की, बल्कि पीठ थपथपा कर कर्तव्य के प्रति समर्पित जवानों का मनोबल भी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पुलिस की सराहनीय पहल ने शुक्रवार की रात वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। देर रात दरवाजा खटखटा कर खाकी ने वरिष्ठ नागरिकों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसाद सौंपा। पुलिस की इस पहल की वृद्धजनों ने न सराहना की, बल्कि पीठ थपथपा कर कर्तव्य के प्रति समर्पित जवानों का मनोबल भी बढ़ाया।
कृष्ण जन्मोत्सव पर शुक्रवार को पुलिस लाइंस परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। परेड ग्राउंड में शाम दही का मटका फोड़ने के समय उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे इसके बाद देर रात परिसर स्थित मंदिर में सभी ने पूजा अर्चना की। जन्मोत्सव समाप्त होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने थाना व चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में उन वरिष्ठ नागरिकों के पास जाने का निर्देश दिया जिनकी जिंदगी खराब दौर से गुजर रही है। गरीब और असहाय वरिष्ठ नागरिकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं व उपहार के रूप में प्रसाद देने के लिए कहा।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह, कटघर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना समेत जिले के सभी थानेदार व चौकी प्रभारी देर रात वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटा कर उन्हें फल, प्रसाद और मिष्ठान दिया। देर रात पुलिस की अनूठी पहल से वरिष्ठ नागरिकों का चेहरा खिल गया। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना की। अधिकारियों की मानें तो जिले में पुलिस दो सौ से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंची।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बंदियों के बच्चों ने राधा-कृष्ण का वेश धारण कर मोहा सबका मन
