आगरा: उच्च शिक्षा मंत्री को नहीं मिला शिक्षा के मंदिर में प्रवेश, नाराज होकर लौटे

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

आगरा। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को उनके ही शहर के एक उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश नहीं मिल पाने के कारण शनिवार को उन्हें संस्थान में कार्यक्रम का उद्घाटन किये बिना नाराज होकर वापस लौटना पड़ा। यह घटना शहर के प्रतिष्ठित आगरा कॉलेज में हुई। कॉलेज के ऑडिटोरियम में चित्रकला विभाग …

आगरा। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को उनके ही शहर के एक उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश नहीं मिल पाने के कारण शनिवार को उन्हें संस्थान में कार्यक्रम का उद्घाटन किये बिना नाराज होकर वापस लौटना पड़ा। यह घटना शहर के प्रतिष्ठित आगरा कॉलेज में हुई। कॉलेज के ऑडिटोरियम में चित्रकला विभाग द्वारा कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन करने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे थे। कॉलेज के मुख्य दरवाजे पर ही उनकी गाड़ी को रोक दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपाध्याय दरवाजे पर लगभग 10 मिनट तक खड़े रहे। उनकी गाड़ी को कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज होकर वह बिना उद्घाटन किए लौट गए। मंत्री के लौटने की खबर जैसे ही आयोजकों को मिली तो वहां खलबली मच गई। आयोजक दौड़ कर गेट तक पहुंचे, लेकिन तब तक मंत्री वापस लौट चुके थे।

इस बारे में आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग शुक्ला का कहना है कि वह अवकाश पर हैं। जब उन्हें इसकी सूचना प्राप्त हुई तो उन्होंने इस बारे में पता किया। उन्हें बताया गया कि आज कॉलेज में परीक्षा है। परीक्षा छूटने के बाद छात्र निकल रहे थे और दूसरी परीक्षा के छात्र प्रवेश ले रहे थे। इसके अलावा रविवार को वनरक्षक की परीक्षा है।

जिला प्रशासन ने आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री सभागार में इस परीक्षा के आयोजन की व्यवस्था के बारे में एक बैठक का आयोजन किया था। इस वजह से गेट पर वाहनों की काफी भीड़ थी। जिससे उच्च शिक्षा मंत्री को असुविधा हुई। शुक्ला ने कहा कि इस घटना की जांच कराई जाएगी और अव्यवस्था में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-कानपुर: शिक्षा मंत्री ने आईआईटी में रखी गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला

संबंधित समाचार