अयोध्या: रोते हुए ठेले वालों ने रोका डिप्टी सीएम का काफिला, बताई अपनी पीड़ा
अयोध्या। अयोध्या पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला जैसे ही राम मंदिर की तरफ बढ़ा तो नया घाट पर पटरी दुकानदारों की एक टोली ने रोक लिया। पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में लगे जवान जैसे ही उन्हें हटाने चले तो रोने लगे। इस दौरान दुकानदारों ने डिप्टी सीएम को …
अयोध्या। अयोध्या पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला जैसे ही राम मंदिर की तरफ बढ़ा तो नया घाट पर पटरी दुकानदारों की एक टोली ने रोक लिया। पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में लगे जवान जैसे ही उन्हें हटाने चले तो रोने लगे। इस दौरान दुकानदारों ने डिप्टी सीएम को अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने नगर निगम और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक शिकायती पत्र भी सौंपा।
दरअसल गत दिनों नगर निगम के द्वारा पटरी पर दुकानें लगाने वाले दुकानदारों की दुकानें हटाई गई थीं। उसके बाद नगर निगम के परिवर्तन दल के द्वारा मौखिक रूप से चयनित स्थल तय किया गया था। शनिवार को उसी जगह पर ठेला और पटरी दुकानदारों ने दुकानें लगा रखी थी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी पहुंचा और बिना कुछ बोले पटरी दुकानदारों की बर्बर पिटाई करने लगा।
पिटाई से नाराज दुकानदारों ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के काफिले को रोका और उनसे अपनी शिकायत दर्ज कराई। साथ ही अपने शरीर पर पड़े हुए डंडे के निशान दिखाते हुए कार्रवाई की मांग की। केशव ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उनकी समस्या के समाधान की बात भी कही है।
स्थानीय ठेला लगाने वाले पप्पू ने बताया कि एकाएक पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुकान हटाने की बात कही। निरंजन ने रोते हुए नवागढ़ चौकी इंचार्ज पर बर्बरता करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कहा कि बीते दिनों नगर निगम के द्वारा पटरी से दुकान हटाने के बाद एक जगह दे दी गई थी, जिसके बाद यहीं पर दुकानें लगाई गईं।
