लखनऊ : परिवारिक विवाद में पत्नी को पीटकर किया अधमरा, ईंट से मुंह कूंचा
मड़ियांव के गाजीपुर-बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप बेहोशी की हालत में मिली महिला लखनऊ । आपसी विवाद में रविवार तड़के मड़ियांव कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप सरेराह पति-पत्नी में लड़ाई हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इस बीच पति ने पत्नी को …
- मड़ियांव के गाजीपुर-बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप बेहोशी की हालत में मिली महिला
लखनऊ । आपसी विवाद में रविवार तड़के मड़ियांव कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर-बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप सरेराह पति-पत्नी में लड़ाई हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। इस बीच पति ने पत्नी को धक्का देकर स्कूटी से गिरा दिया, जिसके बाद पत्नी बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में पति ने उसके चेहरे पर ईंट से कई जानलेवा वार किये और मौके से फरार हो गया। इलाकाई लोगों ने महिला का स्कूल के समीप अधमरी व आपत्तिजनक हालत में देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
पेट्रोल भराने स्कूटी से निकली थी रूबी
मड़ियांव कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि गाजीपुर-बलरामपुर प्राथमिक विद्यालय के पीछे एक महिला अर्धनग्न व बेहद घायल अवस्था में अचेत पड़ी हुई है। मौके पर पहुंचकर महिला को तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। आधार कार्ड से महिला की पहचान बड़ा ख्दान नौबस्ता निवासी रूबी मोदी (38) के रूप में हुई।
इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि महिला शनिवार देर रात अपनी स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान उसका भावेश मोदी उसे स्कूल के समीप मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों में गालीगलौज और मारपीट हुई। पहले रूबी ने अपने पति को पीटना शुरू किया, इसके बाद पति ने भी उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पीटते-पीटते भावेश उसे स्कूल के पीछे ले गया और सिर पर ईंट से वार कर दिया। जिससे रूबी बेहोश हो गई, इसके बाद बेहोशी की हालत में ईंट से चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किये और मौके से फरार हो गया। रूबी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराने के बाद उसके पति भावेश को हिरासत में ले लिया गया है।
अवैध संबंध की आशंका, कई बार थाने में आ चुकी थी रूबी
मिली जानकारी के अनुसार भावेश के एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। शनिवार देर रात तक भावेश के घर न पहुंचने के बाद रूबी उसे खोजने के लिए ही घर से निकली थी। रास्ते में भावेश को उस महिला के साथ देख रूबी आग बबूला हो गई और लड़ाई करने लगी। हालांकि रूबी के बेटे दिनेश कुमार ने इस बात से अनभिज्ञता जताई है, पर इंस्पेक्टर अनिल कुमार का कहना है कि रूबी कई बार थाने आ चुकी थी।
यह भी पढ़ें:- बाराबंकी : शारदा सहायक नहर में मिला दुष्कर्म पीड़िता का शव
