मुरादाबाद : कुंदरकी में मजदूर ने किया भाई बहन का अपहरण, खलबली
कुंदरकी/मुरादाबाद/अमृत विचार। इंटरलाकिंग टाइल्स की फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले एक युवक ने मेला दिखाने के बहाने सगे भाई-बहन का अपहरण कर लिया। सनसनीखेज घटना प्रकाश में आने के बाद कुंदरकी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का अभियोग दर्ज कर भाई-बहन की तलाश शुरू कर दी है। सगे भाई-बहन के अपहरण से क्षेत्र …
कुंदरकी/मुरादाबाद/अमृत विचार। इंटरलाकिंग टाइल्स की फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले एक युवक ने मेला दिखाने के बहाने सगे भाई-बहन का अपहरण कर लिया। सनसनीखेज घटना प्रकाश में आने के बाद कुंदरकी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का अभियोग दर्ज कर भाई-बहन की तलाश शुरू कर दी है। सगे भाई-बहन के अपहरण से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के हुसैनपुर हमीर गांव में एक इंटरलाकिंग टाइल्स की फैक्ट्री है। ग्राम प्रधान इमरान फैक्ट्री का संचालन करते हैं। ग्राम प्रधान के मुताबिक राहुल नाम का एक युवक बीते दस वर्षों से टाइल्स छपाई का काम करता है। लंबे वक्त तक फैक्ट्री में मजदूरी करने के कारण उसकी पहचान आसपास के लोगों से हो गई। ऐसे में आसपास के परिवार से उसके बेहतर संबंध बन गए। गांव में ही रहने वाले जाकिर के घर का छोटा-मोटा काम भी वह निपटा लेता था। ऐसे में जाकिर हुसैन के परिजन राहुल पर विश्वास करने लगे। 20 अगस्त को गांव में ही फूलडोल का मेला लगा था। शाम करीब चार बजे राहुल घूमते हुए जाकिर के घर पहुंचा।
राहुल ने बच्चों को मेला ले जाने की बात कही। तब परिजनों ने जाकिर की बेटी साजिया (9) व बेटा मुहम्मद नवी (4) को राहुल के साथ मेला देखने भेज दिया। देर रात तक बच्चे वापस नहीं लौटे। राहुल का भी कोई पता नहीं लगा। परेशान परिजन तीनों की तलाश में जुटे। अनहोनी की आशंका में रविवार को पीड़ित थाने पहुंचे। तहरीर देकर बच्चों के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। तत्काल अपहरण का अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस सगे भाई बहन की तलाश में जुटी। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र व सीओ बिलारी डॉ. गणेश कुमार गुप्ता दलबल के साथ हुसैनपुर गांव पहुंचे। थाना प्रभारी पवन कुमार के साथ उन्होंने घटना के बाबत ग्रामीणों से पूछताछ की। एसपी देहात का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर भाई-बहन की तलाश शुरू कर दी गई है। टीम गठित कर आरोपी व अपहृत बच्चों की तलाश हो रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : घर में घुसकर तमंचे के बल पर किया महिला से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
