लखनऊ : जमीनी विवाद में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, थाने में हंगामा
अवैध निर्माण के विरोध में दोनों पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर लखनऊ :हैदरगंज प्रथम वार्ड में जमीनी विवाद में सोमवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लात घूसें और लाठी-डंडे चले। इस दौरान भाजपा पार्षद विजय कुमार भुर्जी का सिर फट गया। जिससे वह जख्मी …
- अवैध निर्माण के विरोध में दोनों पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर
लखनऊ :हैदरगंज प्रथम वार्ड में जमीनी विवाद में सोमवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लात घूसें और लाठी-डंडे चले। इस दौरान भाजपा पार्षद विजय कुमार भुर्जी का सिर फट गया। जिससे वह जख्मी हो गए। इसके बाद पार्षद समर्थकों संग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर ठाकुरगंज थाने का घेराव कर हंगामा करने लगे।
जिसके बाद वहां मौजूद अधिवक्ताओं और पार्षद समर्थकों के बीच फिर मारपीट हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से तहरीर लेकर एक तरफ से चार और दूसरी तरफ से छह लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
हैदरगंज प्रथम वार्ड के पार्षद विजय भुर्जी के मुताबिक न्यू हैदरगंज निवासी वकील श्याम नारायण मिश्र एक बेसमेंट बनवा रहे थे। जिसको लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार सुबह करीब 8 बजे नगर आयुक्त के साथ वह मुआयने के लिए गए थे। नगर आयुक्त के वापस लौटते ही वकील श्याम नारायण मिश्र ने साथियों संग हमला बोल दिया। जिसमें पार्षद का सिर फट गया।
ठाकुरगंज प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद ने बताया कि दो दिन पहले दोनों पक्षों के लोगों को आपस में बिठाकर समझौता कराया गया था। इसके बाद भी सोमवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट में पार्षद विजय कुमार के साथ ही आनन्द अवस्थी, रवि और श्रवण प्रजापति के साथ दो अन्य लोगों के चोट आई है।
घायलों का एरा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उचार कराया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को ठाकुरगंज थाने लाया गया। जहां बातचीत के दौरान अधिवक्ता पक्ष और पार्षद पक्ष के लोग फिर भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने पार्षद पक्ष से चार और अधिवक्ता पक्ष से छह लोगों को शांति भग में चालान कर दिया।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ : भाजपा नेता से दो सिपाहियों ने की मारपीट, थाने में दी गई तहरीर
