चीन ने सीमा पर तैनात कीं तोपें, भारत ने भी सैनिकों की संख्या बढ़ाई
नई दिल्ली। लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव जारी है। दोनों देश इसे बातचीत के जरिए हल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, इसी दौरान चीन ने अपने इलाके में सैन्य तैयारियां तेज कर दी हैं। चीनी सेना नियंत्रण रेखा के पास भारी संख्या में तोपें और सेना को तैनात कर रही …
नई दिल्ली। लद्दाख में भारत और चीन के बीच तनाव जारी है। दोनों देश इसे बातचीत के जरिए हल करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, इसी दौरान चीन ने अपने इलाके में सैन्य तैयारियां तेज कर दी हैं। चीनी सेना नियंत्रण रेखा के पास भारी संख्या में तोपें और सेना को तैनात कर रही है। इन्हें कुछ ही घंटे में भारतीय सीमा पर लाया जा सकता है।
चीन की यह हरकत इसलिए शक पैदा करती है क्योंकि इसी दौरान बटालियन और ब्रिगेड लेवल पर सैन्य अफसरों की बातचीत भी चल रही है। अब तक चीन के सैनिक विवाद वाली जगहों से लौटे नहीं हैं। भारतीय सैनिक भी मुस्तैदी से मोर्चा संभाले हुए हैं। एक सूत्र के मुताबिक, पूर्वी लद्दाख में चीनी सेना के क्लास ए व्हीकल्स देखे जा सकते हैं। यह इलाका एलएसी के करीब है। भारतीय सीमा से 25 से 30 किलोमीटर दूर चीनी सेना की गाड़ियां हैं। इनमें हथियार हैं। हालात बिगड़ने पर ये चंद घंटों में मोर्चे तक पहुंच सकते हैं। ऐसा लगता है कि चीन बातचीत का बहाना बनाकर सैन्य तैयारियां मजबूत कर रहा है।
