गोंडा : चौथी क्लास के मासूम छात्र की हत्या कर नदी में फेंका शव, जांच में जुटी पुलिस
धानेपुर/ गोंडा, अमृत विचार । दो दिन पहले घर से गायब हुए चौथी क्लास के मासूम छात्र की हत्या कर उसका शव नदी में फेंक दिया गया। बच्चे की पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने हैवानियत की हद पार करते हुए उसके चेहरे को जला दिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि तेजाब से …
धानेपुर/ गोंडा, अमृत विचार । दो दिन पहले घर से गायब हुए चौथी क्लास के मासूम छात्र की हत्या कर उसका शव नदी में फेंक दिया गया। बच्चे की पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने हैवानियत की हद पार करते हुए उसके चेहरे को जला दिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि तेजाब से उसका चेहरा जलाया गया है। मंगलवार को मासूम बच्चे का शव बिसुही नदी में उतराता मिला। मृतक कोनिया बनकट गांव स्थित एक निजी स्कूल में चौथी क्लास का छात्र था। छात्र की तलाश में जुटे परिजनों को जब उसके मौत की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के सीरबनकट गांव के मजरा जनाबनकट के रहने वाले राजकुमार सिंह के मुताबिक उनका 12 वर्षीय बेटा दीपक सिंह कोनिया बनकट गांव स्थित एक निजी स्कूल में चौथी क्लास का छात्र था। रविवार की शाम को वह घर से खेत की तरफ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बेटे के अचानक गायब होने पर परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस सूचना पर धानेपुर पुलिस ने दीपक के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की और परिजनों के साथ साथ पुलिस भी दीपक की तलाश में जुट गई।
मंगलवार को बगुलही पुल के समीप बिसुही नदी में शव उतराता दिखाई दिया तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता व उनकी टीम ने गांव के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान दीपक सिंह के रूप में की। शव पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। साथ ही उसका चेहरा भी बुरी तरह से झुलसा हुआ मिला है। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए मासूम के चेहरे को तेजाब से जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं मासूम की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें –स्लीपर सेल पर भाजपा के रुख से नीतीश असहज: गिरिराज
