सुल्तानपुर : दिनदहाड़े बैंक फ्रेंचाइजी को मारी गोली, लूटे 70 हजार रुपये, वारदात से पुलिस पर उठ रहे सवाल
सुलतानपुर, अमृत विचार। प्रशासन लाख दावे कर ले मगर आज भी जिले में कानून का नहीं बदमाशों का राज कायम है। इसकी बानगी बुधवार को देखने को फिर एक बार मिली। बुधवार को दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोशैसिंहपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक को गोली मारकर 70 हजार रुपये लूट लिए। …
सुलतानपुर, अमृत विचार। प्रशासन लाख दावे कर ले मगर आज भी जिले में कानून का नहीं बदमाशों का राज कायम है। इसकी बानगी बुधवार को देखने को फिर एक बार मिली। बुधवार को दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोशैसिंहपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक को गोली मारकर 70 हजार रुपये लूट लिए। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के विंदवन गांव निवासी जितेंद्र कुमार पांडेय (40) गोशैसिंहपुर में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। वह बुधवार की सुबह 11 बजे घर से सेंटर पर पहुंचे। इसी बीच बुलट से आए दो युवकों ने 10 हजार रुपये भुगतान की बात कही। जितेंद्र कुछ देर रुकने की बात कहकर सफाई करने लगे। साथ ही बैग केंद्र में लगे हैंगर में टांग दिया। एक युवक ने हैंगर से बैग उतार लिया। केंद्र संचालक ने उससे बैग वापस लेने की कोशिश की तो दूसरे ने हाथ में गोली मार दी। इसके बाद दोनों बैग लेकर बाइक से भाग निकले।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आस-पास मौजूद लोग दौड़े, लेकिन वे लुटेरों को रोक न सके। घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ ही तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को सीएचसी लाया गया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ अनिल कुमार मिश्र ने अस्पताल पहुंच केंद्र संचालक से घटना की जानकारी ली। दोस्तपुर, कादीपुर, अखंडनगर,जयसिंहपुर,मोतिगरपुर थाने की पुलिस के साथ सीओ कादीपुर रमेश कुमार ने लुटेरों को पकड़ने के लिए जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
दिनदहाड़े गोलीकांड से पुलिस पर उठे सवाल
बाजार में हुई लूट की घटना से इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दिन में सरेआम इस तरह घटना होगी तो भला कौन सुरक्षित रहेगा। बाजार के विजय सिंह, राम विनय प्रजापति, विनोद सोनी, सुरेश मौर्य आदि व्यापारियों व बाजार वासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें –टीवीएस ने कार्तिकेयन की दोपहिया स्टार्टअप ड्राइवएक्स में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी
