बरेली: कनेक्शन कराने के नाम पर वसूली, संविदा कर्मचारी का वीडियो वायरल
बरेली, अमृत विचार। किला उपकेंद्र पर तैनात एक कर्मचारी ने उपभोक्ता से कनेक्शन कराने के नाम पर छह हजार रुपये वसूल लिए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं, एक अन्य मामले में सुभाषनगर निवासी एक महिला ने बिजली विभाग के लिपिक व लाइनमैन पर ठगी का आरोप लगाया है। अधीक्षण अभियंता से मामले की …
बरेली, अमृत विचार। किला उपकेंद्र पर तैनात एक कर्मचारी ने उपभोक्ता से कनेक्शन कराने के नाम पर छह हजार रुपये वसूल लिए। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं, एक अन्य मामले में सुभाषनगर निवासी एक महिला ने बिजली विभाग के लिपिक व लाइनमैन पर ठगी का आरोप लगाया है। अधीक्षण अभियंता से मामले की शिकायत की है।
फूलवालान निवासी मुदस्सर अली ने बताया कि किला के हुसैन बाग में रहने वाले आसिफ ने घर में विद्युत कनेक्शन लेने के लिए किला सब स्टेशन के कर्मचारी राजेन्द्र सिंह से बात की। इसपर राजेन्द्र सिंह अपने साथ दो अन्य संविदा कर्मचारियों को लेकर आसिफ के घर पहुंचा। उनसे कनेक्शन के कागजात व छह हजार रुपये लेकर घर में संविदा कर्मचारियों से लाइन खिंचवा दी। उसने एक सप्ताह बाद कनेक्शन की रसीद देने और मीटर लगने की बात कही।
आरोप है कि उसके बाद विजिलेंस की टीम उनके घर पर छापा। बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ 30 हजार रुपये का जुर्माना डाल दिया। उन्होंने मामले की शिकायत विभाग के मुख्य अभियंता से की है। वहीं सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बालाजीनगर कालोनी की पूजा जौहरी ने क्लर्क और लाइनमैन पर 80 हजार रुपये ठगी का आरोप लगाया है।
महिला ने बताया कि उनका मकान तीन वर्ष से बंद था, लेकिन लाइनमैन, क्लर्क ने मिलीभगत कर उस पर बिजली चोरी का आरोप लगा दिया। डरा-धमकाकर आरसी दिखा दी। क्लर्क और लाइनमैन ने उससे 1 लाख रुपये वसूल लिए और सिर्फ 20 हजार रुपये ही बिजली विभाग में जमा किए। बकाया 80 हजार रुपये की कोई रसीद नहीं दी है। पूजा जौहरी ने अधीक्षण अभियंता शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सुभाषनगर प्रकरण की जानकारी नहीं है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी—विकास सिंघल, अधीक्षण अभियंता।
रुपये लेने का आरोप पूरी तरह से गलत है। कनेक्शन के नाम पर सिर्फ 1900 रुपये लिए गए थे, जो सरकारी फीस है। वायरल वीडियो में जो रुपये लेने की बात है, वह किसी उपभोक्ता के बकाया बिल जमा करने के लिए गए थे—राजेन्द्र टीजी-2, किला बिजली घर।
यह भी पढ़ें- बरेली: सिलेंडर लगाकर दौड़ रही सरकारी एंबुलेंस, जांच के आदेश
