लखीमपुर-खीर: जंगल में लकड़ी लेने गए ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या, मचा हड़कंप
अमृत विचार, पसगवां-खीरी। जंगल में लकड़ी काटने गए अनुसूचित जाति के 52 वर्षीय ग्रामीण की बेरहमी से धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। उसका शव बरबर टाउन के राजकीय गो सदन की चन्नी में बरामद हुआ। जघन्य हत्याकांड की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की वजह अभी साफ …
अमृत विचार, पसगवां-खीरी। जंगल में लकड़ी काटने गए अनुसूचित जाति के 52 वर्षीय ग्रामीण की बेरहमी से धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। उसका शव बरबर टाउन के राजकीय गो सदन की चन्नी में बरामद हुआ। जघन्य हत्याकांड की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
हालांकि हत्या पुरानी रंजिश के चलते होने की बात कही जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। एसपी संजीव सुमन ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों से घटना की जानकारी ली।
बरबर टाउन के मोहल्ला मौलवी गंज निवासी पुत्तूलाल पुत्र हीरालाल शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब जंगल में लकड़ी काटने साइकिल से गया था। इसी बीच हत्यारों ने उसे पकड़ लिया और उसकी धारदार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने उसका शव राजकीय गो सदन में बनी चन्नी में डाल दिया और भाग निकले। कुछ लोगों ने उसका चन्नी में पड़ा शव देखा तो इसकी सूचना मृतक की पत्नी सोमवती को दी।
इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते- बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए तो शव की हालात देख उनके रोंगटे खड़े हो गए। पुत्तूलाल की गर्दन, हाथ सहित शव पर धारदार हथियारों के कई गंभीर घाव थे। उसके गले में रस्सी बंधी थी और घसीटे जाने के निशान थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे रस्सी से बांधकर घसीटा भी गया था। हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। मृतक का एक पुत्र जयपुर और दूसरा सोनीपत में नौकरी करता है। विवाहित पुत्री ससुराल में है। मृतक की पत्नी का रो रोकर हाल बेहाल है। मृतक के भाई का कहना है कि मृतक का एक दिन पूर्व कस्बे के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था।
पत्नी का कहना हैं कि उसे किसी विवाद की जानकारी नहीं है । पुलिस ने पत्नी सोमवती की तहरीर पर कस्बे के ही अनिल कुमार और कुबेर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी संजीव सुमन ने सीओ मोहम्मदी अरविंद वर्मा के साथ मौका मुआयना किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
