अयोध्या: कॉल के बाद भी नहीं पहुंची एम्बुलेंस, प्रसव के दौरान जच्चा और एक बच्चे की मौत, एक सुरक्षित
सोहावल/अयोध्या। कॉल किए जाने के बाद भी एम्बुलेंस के न पहुंचने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाजीपुर बरसेंडी के उपकेंद्र में प्रसव के दौरान एक जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। प्रसूता के जुड़वा बच्चों में से एक का प्रसव सुरक्षित करा लिया गया था। शनिवार को सोहावल तहसील के हाजीपुर बरसेडी के मजरे अवधेश नगर निवासी …
सोहावल/अयोध्या। कॉल किए जाने के बाद भी एम्बुलेंस के न पहुंचने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाजीपुर बरसेंडी के उपकेंद्र में प्रसव के दौरान एक जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। प्रसूता के जुड़वा बच्चों में से एक का प्रसव सुरक्षित करा लिया गया था। शनिवार को सोहावल तहसील के हाजीपुर बरसेडी के मजरे अवधेश नगर निवासी मन्नन की 37 वर्षीय पत्नी अनीता को प्रसव पीड़ा के चलते गांव के उपकेंद्र में लाया गया। एएनएम की लापरवाही यह है कि जुड़वा बच्चों की जानकारी होने के बाद भी उसने प्रसव के लिए भर्ती कर लिया।
परिवारजनों का कहना है कि पहले बच्चे का प्रसव सुरक्षित कराया गया, जबकि दूसरे बच्चे के प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई और प्रसूता की हालत बिगड़ गई। प्रसूता की हालत बिगड़ती देख एएनएम विनीता गुप्ता ने 102 एम्बुलेंस को काल की, जब वह नहीं पहुंची तो दुबारा काल की। इसके बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते प्रसूता की मौत हो गई। परिवारजनों के अनुसार यह महिला का छठवां प्रसव था। एएनएम विनीता गुप्ता ने अपनी किसी लापरवाही से इंकार किया है।
102 एम्बुलेंस ने काल कर दी 108 को ट्रांसफर, वह भी नहीं पहुंची
एएनएम ने 102 एम्बुलेंस को काल किया और शीघ्र पहुंचने को कहा। 102 एम्बुलेंस के कर्ताधर्ता ने यह इमरजेंसी काल 108 एम्बुलेंस को ट्रांसफर कर दी। इसी में एक घंटे से अधिक गुजर गया। इसके बाद 108 से कॉलर एएनएम के पास फोन आया और लोकेशन मांगी गई। जब उसने लोकेशन बताई तो फिर फोन आया लोकेशन डिजीटल रूट चार्ट पर शो नहीं कर रही है। इसी बीच उपकेंद्र में प्रसूता की सांसे टूट गईं।
एम्बुलेंस यदि समय पर मिलती तो महिला की जिंदगी बच सकती थी। इसे गंभीरता से लिया गया है और सीएमओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है। एएनएम से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है… प्रदीप कुमार, प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोहावल।
यह भी पढ़ें:-पीलीभीत: गेट पर प्रसव के मामले में CMO के अभी तक नहीं हो सके बयान
