बरेली में पांच और कोरोना पॉजिटिव मिले
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जिले में पांच और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें फरीदपुर निवासी एक दंपति और सिंगापुर से लौटा सीबीगंज इलाके का व्यक्ति भी है। अब जिले में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले 32 …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जिले में पांच और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें फरीदपुर निवासी एक दंपति और सिंगापुर से लौटा सीबीगंज इलाके का व्यक्ति भी है। अब जिले में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले 32 हो गए हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा.रंजन गौतम ने बताया कि 30 मई को जिले के एक शेल्टर होम में पूल सैंपल लिए गए थे। इसमें एक पूल पॉजिटिव आया है। इसमें एक दंपति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों फरीदपुर के वहानपुर के निवासी हैं। दोनों ही मुंबई से लौटकर आए हैं। इसके अलावा सिरौली के मोहल्ला प्यास का निवासी युवक वहीं के संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया था। वह भी संक्रमित पाया गया है।
मीरगंज स्थित टीचर्स कालोनी निवासी युवक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। वह दिल्ली की सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता है। यह युवक 24 मई को दिल्ली से लौटा था। 30 मई को इस युवक ने 300 बेड अस्पताल में सैंपल दिया था। सीबीगंज के बादशाह नगर में रहने वाले एक व्यक्ति में भी संक्रमण पाया गया है। वह सिंगापुर से लौटा है। वह 300 बेड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में क्वारंटाइन है। इन सभी पांचों नए संक्रमितों को कोविड अस्पताल में रेफर किया जा रहा है। इसके साथ ही संक्रमित पांचों लोगों के संपर्क में आने वालों की सूची बनाई जा रही है।
तीन हॉटस्पॉट बनाए, सील करने के आदेश
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि देर रात स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आ गई है। पांच लोग संक्रमित निकले हैं। इनमें से फरीदपुर, सीबीगंज के बादशाहनगर और मीरगंज की टीचर्स कॉलोनी को हाटॅस्पॉट बनाया गया है। इन क्षेत्रों का करीब 250 मीटर का एरिया सील करने के आदेश जारी कर दिए हैं। डीएम ने बताया कि अनलाक-1 की गाइडलाइन के अनुसार अब संक्रमित निकलने पर उस एरिया को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के निर्देश हैं। उसी जोन को पुलिस सील करने की कार्रवाई की जा रही है। अब हॉटस्पॉट लिखा-पढ़त में नहीं दर्ज होगा।
