बरेली‍: रामपुर गार्डन के 250 मीटर एरिया से खत्म हुआ हॉटस्पॉट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। रेडियोलॉजिस्ट के संक्रमित निकलने के बाद रामपुर गार्डन का 500 मीटर का एरिया हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया गया था। विकास भवन की तरफ से रामपुर गार्डन की तरफ आने वाली सात गलियों को भी सील कर दिया गया था। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को अल्ट्रासाउंड सेंटर के आसपास का …

बरेली,अमृत विचार। रेडियोलॉजिस्ट के संक्रमित निकलने के बाद रामपुर गार्डन का 500 मीटर का एरिया हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया गया था। विकास भवन की तरफ से रामपुर गार्डन की तरफ आने वाली सात गलियों को भी सील कर दिया गया था। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को अल्ट्रासाउंड सेंटर के आसपास का करीब 250 मीटर का एरिया हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया गया है। इसके साथ ही विकास भवन की तरफ से आने वाली गली नंबर एक को भी खोल दिया गया। हालांकि छह गलियां अभी भी सील हैं।

250 मीटर का हॉटस्पॉट खत्म करने से अब रामपुर गार्डन का आधा हिस्सा खुल चुका है। आधा अभी हॉटस्पॉट कंटेनमेंट जोन में ही रहेगा। आईएमए और रामपुर गार्डन की सोसाइटी के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार से मुलाकात कर हॉटस्पॉट संबंधी कुछ सुझाव दिए थे। जिलाधिकारी के आदेश के बाद मंगलवार को हॉटस्पॉट क्षेत्र में छूट दी गई। मंगलवार को सीओ प्रथम अशोक कुमार और कोतवाली इंचार्ज गीतेश कपिल हॉटस्पॉट क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने रामपुर गार्डन में कुछ जगहों से बेरीकेडिंग को हटवाया।

अब प्रभा सिनेमा वाली सड़क से बैरियर हटा दिया गया है। इसे नारायण अस्पताल के पास लगाया गया है। वहीं गिरीश अस्पताल से पहले लागे बैरियर को वहां से हटाकर धनवंतरी चौराहे से पार्क की तरफ जाने वाली सड़क पर लगाया गया है। इस बैरियर के हटने से रामपुर गार्डन में तीन तरफ जाने का रास्ता खुल गया है। इन रास्तों पर कई बड़े अस्पताल भी हैं। इसके साथ ही विकास भवन के सामने बैंक की तरफ वाला गेट भी खोल दिया गया है। बाकी के गेट अभी बंद रहेंगे।

“रामपुर गार्डन में रेडियोलॉजिस्ट के संक्रमित निकलने के बाद उनके अल्ट्रासाउंड सेंटर के स्टाफ को भी क्वारंटाइन किया गया था। स्टाफ सेंटर के ऊपर बने हॉस्टल में ही क्वारंटाइन था। इसलिए इस क्षेत्र को हॉटस्पॉट में शामिल किया था। अब स्टाफ की सभी रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी हैं। इसको देखते हुए अल्ट्रासाउंड सेंटर के आसपास का क्षेत्र हॉटस्पॉट से मुक्त कर दिया गया है।” -नितीश कुमार, जिलाधिकारी

“आईएमए के सदस्यों और रामपुर गार्डन की सोसाइटी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की थी। जिला प्रशासन से सभी ने शासन के नए निर्देशों के अनुसार रामपुर गार्डन हॉटस्पॉट क्षेत्र में कुछ हिस्से को छूट दिए जाने की मांग की थी। जिसे जिलाधिकारी ने मान लिया। आईएमए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करता है। प्रशासन के इस फैसले से लोगों को काफी राहत मिली है।” -डा.राजेश अग्रवाल, आईएमए अध्यक्ष

संबंधित समाचार