पीलीभीत: उत्तराखंड जाने को निकले युवक का खेत में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। घर से उत्तराखंड जाने को निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अपनी ससुराल से सात किलोमीटर दूर एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि परिवारिक विवाद के अलावा अन्य कोई रंजिश नहीं बता …
पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। घर से उत्तराखंड जाने को निकले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अपनी ससुराल से सात किलोमीटर दूर एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान थे। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि परिवारिक विवाद के अलावा अन्य कोई रंजिश नहीं बता सके। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नगरा अब्दुल्ला निवासी लीलाधर का 25 वर्षीय पुत्र सूरजपाल मजदूरी करता था। रविवार दोपहर को वह घर से उत्तराखंड के रुद्रपुर जाने के लिए घर से निकला था। घर से निकलने के बाद पहले वह अपनी ससुराल मसीत गांव गया और वहां गांव के बाहर ही ससुरालियों से कुछ सामान का लेनदेन किया। इसके बाद रुद्रपुर जाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद से वह लापता हो गया था। उसका किसी से संपर्क नहीं हो सका।
दूसरे दिन सोमवार सुबह उसका शव मसीत गांव से सात किमी दूर पिपरा नहर रोड पर गन्ने के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीण खेतों की तरफ पहुंचे तो शव पर नजर पड़ी। लाश मिलने का शोर मचते ही भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसओ उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त कर परिवार को सूचित किया। परिवार वाले भी मौके पर आ गए। शव पर चोट के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई। हालांकि कोई खास वजह वह भी नहीं बता सके। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को गति देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: फर्जी जांच पर बसंतापुर में लगे ‘मरौरी बीडीओ’ मुर्दाबाद के नारे
