मुरादाबाद : पार्क में बैठे छात्र की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में सोमवार की शाम गोली मारकर बीफार्मा के छात्र की हत्या कर दी गई। दुस्साहसिक घटना कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती क्षेत्र की है। घटना के बाद बदमाश पैदल भाग निकले। छात्र की निर्मम हत्या से परिजनों पर पहाड़ टूट पड़ा है। देर रात तक कटघर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में सोमवार की शाम गोली मारकर बीफार्मा के छात्र की हत्या कर दी गई। दुस्साहसिक घटना कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती क्षेत्र की है। घटना के बाद बदमाश पैदल भाग निकले। छात्र की निर्मम हत्या से परिजनों पर पहाड़ टूट पड़ा है। देर रात तक कटघर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी रही।

पुलिस के मुताबिक कटघर थाना क्षेत्र में पीतल बस्ती पानी की टंकी के पास रहने वाले विष्णु प्रताप सिंह व्यवसायी हैं। उनके दो पुत्र एक पुत्री है। छोटा पुत्र 25 वर्षीय अंशुमान प्रताप सिंह उर्फ काका टीएमयू में बीफार्मा का कोर्स कर रहा था। सोमवार शाम करीब सवा सात बजे वह टंकी वाला पार्क में बैठा था। तभी तमंचाधारी चार युवक अंशुमान के पास पहुंचे। उन्होंने अंशुमान को निशाना बनाकर तमंचे से फायर झोंक दिये। सीने में गोली लगने से युवक मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़े। उनके पहुंचने से पहले ही हमलावर तमंचे लहराते हुए पैदल भाग निकले।

गोली से घायल युवक को आनन फानन में दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। कटघर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना व सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों व चिकित्सकों से बातचीत करने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। शव मोर्चरी भेजकर कटघर थाना प्रभारी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटना के कारणों व हमलावरों के बाबत कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। हमलावरों तक पहुंचने व उनकी पहचान कराने की कवायद में घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। देर रात तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।

उधर, अंशुमान की हत्या से परिजन बदहवास हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। अंशुमान मूलरूप से मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम महम्मदपुर उर्फ सुल्तानपुर का रहने वाला था। घटना की भनक लगते ही एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया समेत पुलिस के अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एसबीआई की शाखा से आठ लाख रुपये से भरा बैग गायब, केस दर्ज

संबंधित समाचार