लखनऊ : धरे रहे इंतजाम, फिर भी लगा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का सोमवार को पहली बार शहर आगमन हुआ। स्वागत के लिए उमड़े जनसैलाब के बीच को संभालने में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। न तो 10 जगहों पर घोषित किया गया रूट डायवर्जन काम आया और न ही जगह-जगह तैनात किये …

अमृत विचार, लखनऊ। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का सोमवार को पहली बार शहर आगमन हुआ। स्वागत के लिए उमड़े जनसैलाब के बीच को संभालने में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आई। न तो 10 जगहों पर घोषित किया गया रूट डायवर्जन काम आया और न ही जगह-जगह तैनात किये गये पुलिस कर्मी। सोमवार को जाम के कारण सात घंटे तक राजधानी की सड़कों पर वाहन रेंगते रहे और शहरवासियों को जूझना पड़ा।

शाम तक शहर में लगा रहा जाम

वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर सोमवार को शहर में 10 जगहों पर रूट डायवर्जन घोषित था। यह रूट डायवर्जन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक के लिए रखा गया था, पर सके बावजूद सुबह 11 बजे से ही राजधानी में कई जगहों पर जाम लगना शुरू हो गया। आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग, हुसैनगंज, हजरतगंज, केकेसी, मवैय्या, बंदरियाबाग, सिकंदरबाग आदि में शाम करीब 6 बजे तक भीषण जाम की स्थिति रही।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत जुलूस के लिए ट्रैफिक विभाग की ओर से चारबाग से बापू भवन चौराहे तक ग्रीन कोरिडोर बनाया गया था। पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यह युक्ति भी नाकाम रही। इसके कारण चारबाग से कैसरबाग होते हुए बर्लिंगटन चौराहा व हजरतगंज चौराहा आने पर सभी मार्गों मोहन होटन रोड, एपी सेन रोड, लाटूस रोड, हीवेट रोड पर काफी जाम रहा।

एम्बुलेंस के लिए हुई समस्या

रूट डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस के लिए आवागमन को स्वीकृति दी गई थी, पर जाम की स्थिति के कारण रॉयल होटल से हजरतगंज की ओर और विधानसभा मार्ग की ओर से सिविल अस्पताल व झलकारी बाई महिला अस्पताल की ओर आने वाली एम्बुलेंस को लंबा इंतजार करना पड़ा।

जाम के बीच कई जगहों पर एम्बुलेंस भी फंसी नजर आईं। झलकारी बाई तक गर्भवतियों को पहुंचाने के लिए किसी तरह साइड सर्विस लेन को फ्री रखने का प्रयास करते हुए ट्रैफिक जवान नजर आए। सुबह 11 बजे से ही जाम की स्थिति होने के कारण ऑफिस जाने वालो और छात्रों को भी बेहद दिक्कत हुई। रूट डायवर्जन होने के कारण घूमकर जाने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ा।

मूक दर्शक बने रहे ट्रैफिक जवान

ट्रैफिक को सुगम्य रखने के लिए यातायात विभाग की ओर से जगह-जगह भारी संख्या में ट्रैफिक जवानों की तैनाती की गई थी। पर भीषण जाम को देखते हुए ट्रैफिक जवान महज मूक दर्शक बने नजर आए। वीवीआईपी गेस्ट हाउस से बटलर पैलेस होते हुए सिकंदर बाग की ओर आने वाली सड़क में शाम 6:30 बजे तक जाम लगा रहा।

इन तिराहों-चौराहों पर रही जाम की स्थिति

केकेसी तिराहा, मोहन होटल तिराहा, रविंद्रालय तिराहा, अब्दुल हमीद चौराहा, अशोक लाट चौराहा, राणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, कैसरबाग चौराहा, बापू भवन चौराहा, सुभाष चौराहा, परिवर्तन चौक, हनुमान सेतु मंदिर तिराहा, सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा।

यह भी पढ़ें:- बरेली: जरा संभलकर! शहर में रैलियों के साथ भयंकर जाम भी लगा है, फंसे तो निकलना होगा मुश्किल

संबंधित समाचार