अमरोहा : गन्ने के खेत में मिले गोवंशों के अवशेष, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
अमरोहा/ रहरा, अमृत विचार। त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर से 100 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में करीब सात गोवंश पशुओं के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। विधायक और अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। पुलिस ने जेसीबी …
अमरोहा/ रहरा, अमृत विचार। त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर से 100 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में करीब सात गोवंश पशुओं के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। विधायक और अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। पुलिस ने जेसीबी से खोदाई कराकर अवशेषों को दबवा दिया।
बुधवार की सुबह युवकों को जब बदबू आई, तो पास जाकर देखा तो गोवंश के सिर कटे हुए पड़े थे। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई और गन्ने के खेत में गोवंश की तलाश की। जिसमें गोवंश के सिरों की संख्या 5 से 7 बताई जा रही है। पुलिस ने आनन-फानन जेसीबी से गोवंश के अवशेषों को दबाने का प्रयास करने लगी, लेकिन ग्रामीणों ने मांग की कि पुलिस अधीक्षक और जिला अधिकारी की उपस्थिति में ही गाय के अवशेषों को दबाया जाए। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक रहरा वरुण कुमार ने उच्चाधिकारी को घटना से अवगत करा दिया।
मौके पर सूचना मिलते ही एएसपी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, एसडीएम हसनपुर सुधीर कुमार पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला को शांत किया। जेसीबी भी मौके पर बुला ली गई थी। जिससे गोवंश के अवशेषों को दफना दिया। एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। जिस किसान के खेत में अवशेष मिले, उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: लकड़ी से लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, मौत
