मुरादाबाद: पुलिस की नाक के नीचे शोरूम का ताला तोड़ एक लाख का सामान समेटा
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की नाक के नीचे एक शोरूम का ताला तोड़कर चोर एक लाख रुपये का सामान समेट ले गए। बुधवार को चोरों की कारगुजारी आम होते ही व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। सिटी कोतवाली पहुंच कर व्यापारियों ने चेतावनी दी कि चोरी की घटना का पर्दाफाश यदि जल्द नहीं हुआ, तो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की नाक के नीचे एक शोरूम का ताला तोड़कर चोर एक लाख रुपये का सामान समेट ले गए। बुधवार को चोरों की कारगुजारी आम होते ही व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। सिटी कोतवाली पहुंच कर व्यापारियों ने चेतावनी दी कि चोरी की घटना का पर्दाफाश यदि जल्द नहीं हुआ, तो वह प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन व अधिकारियों का घेराव करेंगे। बीच बाजार चोरी से कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
- सिटी कोतवाली के समीप देर रात चोरों ने की वारदात
- महानगर के बीचोबीच चोरी से व्यापारियों में रोष
होलसेल सामान के कारोबारी जगदीश सिंह सिक्का का अटैची का शोरूम सिटी कोतवाली क्षेत्र में टाउन हाल के पास है। कारोबारी के मुताबिक मंगलवार रात वह दुकान पर ताला जड़कर घर चले गए। बुधवार सुबह करीब दस बजे जब वह शोरूम पर वापस लौटे तो वहां लगे ताले टूटे पड़े मिले। शोरूम के टूटे ताले देख कारोबारी के होश फाख्ता हो गए। शटर उठाने पर शोरूम के भीतर का नजारा चौंकाने वाला रहा।
शोरूम में सामान बिखरे पड़े थे। कारोबारी ने शोरूम में चोरी होने की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। सिटी कोतवाली प्रभारी आरपी सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल के निरीक्षण में पता चला कि कैश बाक्स में रखा नगदी भी चोर समेट ले गए। पुलिस ने शोरूम व इसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज खंगालनी शुरू की। इस दरम्यान कुछ संदिग्ध वीडियो फुटेज में कैद मिले।
संदिग्धों की पहचान करने की कवयाद में पुलिस जुटी है। कोतवाली प्रभारी ने चोरी की घटना का जल्द पर्दाफाश करने का दावा किया। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। उधर बाजार में चोरी की खबर मिलते ही कारोबारी घटना स्थल पर जमा होने लगे। व्यापारियों के विभिन्न संगठनों के नेताओं ने शोरूम में चोरी पर रोष प्रकट करते हुए घटना की त्वरित पर्दाफाश करने की मांग की। उन्होंने दो टूक कहा कि चोर यदि जल्द नहीं पकड़े गए तो कारोबारी प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव करेंगे। जवाबदेह पुलिस होगी।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने लम्पी डिजीज की समीक्षा, किसानों के बिजली कनेक्शन न काटें
