बरेली: अवैध निर्माण पर चला बीडीए का बुलडोजर, तीन ढाबों को ढहाया
बरेली, अमृत विचार। बड़े बाईपास पर ग्रीनबेल्ट पर हुए अवैध निर्माण के खिलाफ बीडीए ने तीसरे दिन भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। प्राधिकरण ने ग्रीन बेल्ट पर पहले दिन दो, दूसरे दिन चार और तीसरे दिन तीन ढाबों को ढहाया है। बड़े बाईपास पर रंगरेज नाम से ग्रीन बेल्ट में संचालित अवैध ढाबे का …
बरेली, अमृत विचार। बड़े बाईपास पर ग्रीनबेल्ट पर हुए अवैध निर्माण के खिलाफ बीडीए ने तीसरे दिन भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। प्राधिकरण ने ग्रीन बेल्ट पर पहले दिन दो, दूसरे दिन चार और तीसरे दिन तीन ढाबों को ढहाया है। बड़े बाईपास पर रंगरेज नाम से ग्रीन बेल्ट में संचालित अवैध ढाबे का निर्माण किया गया था, जिसमें निर्माणकर्ता को सुनवाई का पर्याप्त अवसर दिया गया, लेकिन निर्माणकर्ता ने अवैध ढाबे को स्वयं नहीं हटाया।
इस पर प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने ढाबे के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहीं पर नेशनल हाईवे नाम से ग्रीन बेल्ट पर बने अवैध ढाबे पर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त किया गया। यहां से कुछ दूरी पर चौधरी फैमिली ढाबा के नाम से ग्रीन बेल्ट में अवैध ढाबा संचालित हो रहा था। टीम ने उसे भी ढहा दिया। टीम में प्राधिकरण के सहायक अभियंता वीपी सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार गुप्ता, एसके सिंह, अजय कुमार शर्मा आदि शामिल रहे। एसई राजीव दीक्षित ने बताया कि अनाधिकृत निर्माण कार्यों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: अवैध स्वीमिंग पूलों पर कार्रवाई की तैयारी, चार को नोटिस जारी
