T20 World Cup 2022 : टी20 विश्वकप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, भारत में सीरीज नहीं खेलेंगे डेविड वॉर्नर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को टी20 विश्वकप और भारत दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह विश्वकप ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में ही होना है। इस टीम की कमान एरॉन फिंच को सौंपी गई है। जबकि उपकप्तानी पैट कमिंस के हाथों में रहेगी। सिंगापुर में जन्में आक्रामक बल्लेबाज टिम डेविड को ऑस्ट्रेलिया …

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को टी20 विश्वकप और भारत दौरे के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह विश्वकप ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में ही होना है। इस टीम की कमान एरॉन फिंच को सौंपी गई है। जबकि उपकप्तानी पैट कमिंस के हाथों में रहेगी। सिंगापुर में जन्में आक्रामक बल्लेबाज टिम डेविड को ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप की टीम में शामिल किया गया है, जबकि सीनियर सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को भारत दौरे से विश्राम दिया गया है। लंबे शॉट जमाने के लिए मशहूर 26 वर्षीय डेविड ने 2019 और 2020 में सिंगापुर की तरफ से 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जिनमें उनका औसत 46.5 रहा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के नियमों के अनुसार हालांकि वह तुरंत प्रभाव से ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेल सकते हैं। डेविड ने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपने लिए विशेष जगह बनाई है। वह विश्व भर के टी20 लीग में खेलते हैं। डेविड के माता-पिता ऑस्ट्रेलियाई हैं लेकिन उनका जन्म सिंगापुर में हुआ था। जब वह दो वर्ष के थे तब उनके माता-पिता पर्थ में बस गए थे। इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस ने डेविड को इस साल के शुरू में 8.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।

ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने बयान में कहा,‘‘टिम डेविड ने विश्वभर की लीग में अच्छा प्रदर्शन करके अपने लिए विशेष स्थान बनाया है और इस कारण उन्हें टीम में जगह दी गई है।’’ आरोन फिंच की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम इस महीने के आखिर में भारत का दौरा करेगी, जिसमें वह 20 सितंबर से तीन टी20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी। सलामी बल्लेबाज वॉर्नर को भारत दौरे से विश्राम दिया गया है। भारत दौरे के लिए चुनी गई टीम में उनकी जगह कैमरन ग्रीन को रखा गया है।

बेली ने कहा,‘‘ यह लगभग वही टीम है जिसने ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से पिछले साल पहली बार टी20 विश्व कप जीता था। यह टीम अब घरेलू धरती पर इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर उत्साहित है।’’ पिछले साल विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में केवल एक बदलाव किया गया है तथा मिशेल स्वेपसन की जगह डेविड को टीम में लिया गया है।

कब होगी सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप?
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारत दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। यह मैच 20, 23 और 25 सितंबर को खेले जाएंगे। तीनों मैच क्रमशः मोहाली, नागपुर और हैदराबाद में होंगे। भारत के खिलाफ सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम वापस अपने घर लौटेगी, जहां उसे टी20 वर्ल्ड कप खेलना होगा। यह टी20 वर्ल्ड कप 16 अक्टूबर से खेला जाएगा। इसका फाइनल मुकाबला 13 नवंबर को होगा।

ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप के लिए टीम इस प्रकार है…
आरोन फिंच (कप्तान), पैट कमिंस (उपकप्तान), एश्टन एगर, टिम डेविड, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड , डेविड वार्नर, एडम ज़म्पा। भारत दौरे में डेविड वॉर्न की जगह कैमरन ग्रीन लेंगे।

ये भी पढ़ें : Asia Cup 2022 : रोहित शर्मा ने विराट कोहली को पछाड़ा, बने भारत के दूसरे सबसे सफल T20I कप्तान

संबंधित समाचार