सीतापुर: पांचवां निकाह करने जा रहे पिता को रोका, बच्चे बोले- अब्बू बहुत हो चुका, अब नहीं
सीतापुर, अमृत विचार। पांचवा निकाह करने जा रहे एक पिता को सात बच्चों ने रोककर हंगामा किया। कहा कि अब्बू अब बहुत हो चुका है। ये सब ठीक नहीं। बवाल कर रहे बच्चों में से एक बेटी को विरोध का सामना भी करना पड़ा। ऐसे में पिता के करीबियों की ओर से की गई हाथापाई …
सीतापुर, अमृत विचार। पांचवा निकाह करने जा रहे एक पिता को सात बच्चों ने रोककर हंगामा किया। कहा कि अब्बू अब बहुत हो चुका है। ये सब ठीक नहीं। बवाल कर रहे बच्चों में से एक बेटी को विरोध का सामना भी करना पड़ा। ऐसे में पिता के करीबियों की ओर से की गई हाथापाई में उसे चोटें भी आई हैं। शहर सीमा के करीब सरदार कॉलोनी में हुए विवाद के बाद पुलिस शादी करने जा रहे व्यक्ति की तलाश में है। सीओ का कहना है कि तहरीर मिलते ही कानूनी कार्रवाई भी होगी।
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के पुराना शहर से जुड़ा हुआ है। बताते हैं कि शेखसरांय पटिया निवासी मुन्ना चार शादी पहले कर चुका है। उसके सात बच्चे हैं। ऐसे में उसने पांचवा निकाह करने के लिए अपने रिश्तेदार के घर कुछ करीबियों को बुला लिया। लड़की पक्ष खैराबाद का था। शहर से सटी सरदार कॉलोनी में वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हुआ था कि इसी दौरान मुन्ना के सभी सात बच्चे पहुंच गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। कहा कि अब्बू अब बहुत हो गया। ये सब ठीक नहीं। इसी के बाद हुए विवाद हो गया और हाथापाई में मुन्ना की एक पुत्री चोटिल हुई।
खबर पाकर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक मुन्ना और लड़की पक्ष के लोग भाग चुके थे। प्राथमिक उपचार के लिए रिश्तेदारों द्वारा मुन्ना की पुत्री को जिला अस्पताल ले जाया गया। सीओ सिटी सुशील कुमार का कहना है कि मुन्ना नाम का एक व्यक्ति पांचवी शादी करने जा रहा था। ऐसे में उसके बच्चों ने जाकर निकाह रुकवाया और हंगामा किया। फिलहाल अभी तक तहरीर नहीं मिली है, मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें –Video: मदरसों पर कार्रवाई! मौलाना बदरुद्दीन अजमल बोले- डरे हुए मुसलमान BJP को वोट देंगे
