बरेली: निजी अस्पताल की संक्रमित नर्स के संपर्क में आए 22 लोग
बरेली,अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में कोरोना संक्रमित मिली स्टाफ नर्स के संपर्क में 22 लोग आए। स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की सूची बना चुका है। अब इन सबको क्वारंटाइन किया जा रहा है। इन लोगों में लक्षण के आधार पर उनके सैंपल भी लेकर जांच को भेजे जाएंगे। पीलीभीत रोड …
बरेली,अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में कोरोना संक्रमित मिली स्टाफ नर्स के संपर्क में 22 लोग आए। स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की सूची बना चुका है। अब इन सबको क्वारंटाइन किया जा रहा है। इन लोगों में लक्षण के आधार पर उनके सैंपल भी लेकर जांच को भेजे जाएंगे।
पीलीभीत रोड स्थित निजी अस्पताल के आइसीयू में काम करने वाली स्टाफ नर्स को 30 मई को आइवीआरआइ से आए सैंपल की जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। जबकि इसी अस्पताल के दो वरिष्ठ चिकित्सकों की रिपोर्ट निगेटिव थी। नर्स के संक्रमित मिलने के बाद से इस निजी अस्पताल में ही नहीं स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप की स्थिति थी। हालांकि अस्पताल प्रशासन की सूझबूझ से नर्स 23 मई से क्वारंटाइन चल रही थी।
अस्पताल में दो टीम होने के चलते संक्रमित नर्स और अन्य स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया था। इसके बाद से ही स्वास्थ्य विभाग यह पता करने में जुटा हुआ था कि इस नर्स के संपर्क में कितने लोग आए थे। नर्स से मिली जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने पाया है कि उसके संपर्क में 22 लोग आए थे।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि यह सभी 22 लोग इसी अस्पताल के कर्मचारी हैं। इनमें से कुछ हॉस्टल में नर्स से मिले और अस्पताल में उसके संपर्क में आए। स्वास्थ विभाग की ओर से अस्पताल के सभी कर्मचारियों को हॉस्टल में या उनके निवास स्थान पर ही क्वारंटाइन रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, ये देखा जा रहा है कि इनमें से किसी में संक्रमण के लक्षण तो नहीं हैं। अगर पाए जाएंगे तो उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
“संक्रमित नर्स के संपर्क में 22 लोग आए हैं। सभी की सूची बनाकर उन्हें उनके निवास स्थान पर ही क्वारंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी में अभी कोई लक्षण नहीं है, इसलिए सैंपल लेना जल्दबाजी होगी। उनकी मानीटरिंग करेंगे। कुछ दिनों बाद सैंपल लेकर जांच को भेले जाएंगे।” -डा.रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी
प्रसूता की दूसरी रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव
आईवीआरआई लैब से बुधवार की शाम को आई 46 संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं दिल्ली से गौंडा जा रही ट्रेन में महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी। जिसे बरेली उतारा गया था। महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी,जबकि उसके बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। प्रसूता की बुधवार को आई दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। महिला का उपचार बिथरी चैनपुर एल-1 कोविड अस्पताल में चल रहा है।
144 संदिग्धों के सैंपल लिए, आईवीआरआई जांच को भेजे
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.वीके शुक्ल ने बताया कि बुधवार को 300 बेड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में दो टीमों ने 203 संदिग्धों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान 66 सैंपल लिए गए, इसके साथ ही 78 एमएमयू के माध्यम से पूल सैंपल लिए गए। बताया कि कुल 144 सैंपल एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें गुरुवार को आईवीआरआई लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा।
