जयपुर पुलिस मुख्यालय में हुआ दीक्षांत परेड समारोह, सीएम अशोक गहलोत हुए शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जयपुर। पुलिस उपनिरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर के संयुक्‍त बैच का दीक्षांत परेड समारोह शुक्रवार को राजस्‍थान पुलिस अकादमी स्थित परेड ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत थे। मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और परेड द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया गया व प्रशिक्षणार्थियों द्वारा शपथ ग्रहण एवं शस्त्र शपथ ली …

जयपुर पुलिस उपनिरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर के संयुक्‍त बैच का दीक्षांत परेड समारोह शुक्रवार को राजस्‍थान पुलिस अकादमी स्थित परेड ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत थे। मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और परेड द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन किया गया व प्रशिक्षणार्थियों द्वारा शपथ ग्रहण एवं शस्त्र शपथ ली गई।

गहलोत ने इस अवसर पर श्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थियों को पारितोषिक प्रदान कर पुरस्कृत किया। पुलिस महानिदेशक एम एल लाठर ने प्रतिवेदन पेश करते हुए बताया कि उपनिरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर संयुक्त बैच 2021 में कुल 454 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने पुलिस बल को अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री गहलोत ने गत वर्ष केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए घोषित किए गए पुलिस पदक प्राप्तकर्ताओं की सूची में शामिल राजस्थान पुलिस के दो पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा 19 अधिकारियों व कर्मचारियों को पुलिस पदक प्रदान किए।

अतिरिक्त महानिदेशक तथा राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक राजीव शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस में उप निरीक्षक (सीधी भर्ती) पद पर नियुक्त हुए उप निरीक्षक व प्लाटून कमाण्डर के लिये पहली बार संयुक्त रूप से नौ सप्ताह का फाउंडेशन कोर्स राजस्थान पुलिस अकादमी में हुआ। उन्होंने बताया कि कुल 433 प्रशिक्षणार्थियों ने 26 जुलाई 2021 से 23 सितम्बर, 2021 तक यह प्रशिक्षण प्राप्त किया। 22 प्रशिक्षणार्थियों ने दूसरे बैच में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

उन्‍होंने बताया कि इन 455 प्रशिक्षणार्थियों में से 344 पुरुष तथा 111 महिला अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें से 259 प्रशिक्षणार्थी पूर्व से सेवा में थे, जिनमें 113 पुलिस कांस्टेबल, 35 पूर्व सैनिक, 25 अध्यापक तथा 83 अन्य विभागों में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि 196 प्रतिभागियों ने पहली बार किसी राजकीय सेवा में नियुक्ति प्राप्त की है। पासिंग आउट परेड के पश्चात सभी प्रशिक्षणार्थी व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- कश्मीर में हिंदुओं और सिखों के खिलाफ हमलों की SIT जांच की मांग वाली याचिका पर ‘सुप्रीम’ इनकार

संबंधित समाचार