प्रत्येक 60 व्यक्ति पर पन्ना प्रमुख का हो गठन: धर्मपाल
अयोध्या। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शनिवार को अयोध्या पहुंचे। रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद जिला व महानगर की पार्टी कार्यालय पर बैठक की, जिसमें प्रमुख रूप से बूथ प्रबंधन व संगठन के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंडल स्तर व मोर्चों के …
अयोध्या। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शनिवार को अयोध्या पहुंचे। रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद जिला व महानगर की पार्टी कार्यालय पर बैठक की, जिसमें प्रमुख रूप से बूथ प्रबंधन व संगठन के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंडल स्तर व मोर्चों के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रत्येक 60 व्यक्ति पर एक पन्ना प्रमुख का गठन करने के निर्देश दिए।
करीब एक-एक घंटे चली जिले व महानगर की बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने एक-एक पदाधिकारी को उठाकर उसके दायित्व व कर्तव्यों के बारे में सवाल पूछे, जिसमें कुछ पदाधिकारी ने जवाब दिया, लेकिन कुछ अपेक्षित जवाब नहीं दे पाये, जिन्हें दायित्वों के बारे में समझाया गया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान बूथ प्रबंधन पर पूरा जोर दिया। मंडल के पदाधिकारियों से जिले स्तर पर प्रवास के कार्यक्रमों के विषय में पूछा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारी यह सोचें कि बूथ कैसे मजबूत होगा। जब बूथ मजबूत होगा तभी शक्ति केन्द्र व जिला भी मजबूत होगा। प्रत्येक साठ व्यक्ति पर एक पन्ना प्रमुख का गठन किया जाए। पन्ना प्रमुख सक्रिय होना चाहिए। जब हम लक्ष्य को निर्धारित करके काम करेंगे तभी हमें अपेक्षित सफलता मिलेगी। हर बूथ स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनना चाहिए। हर बूथ पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुने जाने की व्यवस्था भी कार्यकर्ताओं को करना होगा।
बैठकों में क्षेत्रीय महामंत्री त्रयम्बक तिवारी, जिला प्रभारी पद्मसेन चौधरी व महानगर की बैठक में महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिले की बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव सिंह उपस्थित रहे। इससे पहले सहादतगंज पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायकों में वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-अमरोहा : प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने लम्पी डिजीज की समीक्षा, किसानों के बिजली कनेक्शन न काटें
