बरेली: रोडवेज बस चोरी मामले में अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर कसा तंज, कही ये बात
बरेली, अमृत विचार। पुराने रोडवेज बस अड्डे से चोरी हुई रोडवेज बस के मामले में पुलिस बस चोरी करने वाले की तलाश में जुटी है। लापरवाही बरतने पर चालक की संविदा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा बस चोरी के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सरकार पर तंज कसा है। बस …
बरेली, अमृत विचार। पुराने रोडवेज बस अड्डे से चोरी हुई रोडवेज बस के मामले में पुलिस बस चोरी करने वाले की तलाश में जुटी है। लापरवाही बरतने पर चालक की संविदा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा बस चोरी के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सरकार पर तंज कसा है।
बस अड्डों पर बसों की सुरक्षा को लेकर कोई खास प्रबंध नहीं हैं। पुराने बस अड्डे पर एक गार्ड और दो परिचालकों के सहारे रात में बसों की निगरानी कराई जाती है। दिन में तो कई स्टाफ हैं, लेकिन रात में इस बस अड्डे की जिम्मेदारी एक गार्ड व एक और दो परिचालक संभालते हैं। पुराने रोडवेज बस अड्डे से बुधवार की रात बरेली डिपो की एक बस को कोई चुराकर ले गया था। एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी हुई बस का संचालन बरेली से दिल्ली तक किया जाता है।
बस का चालक परम किशोर बुधवार की रात बस को लेकर दिल्ली से बरेली आया था। जिसके बाद उसने बस को वर्कशाप में खड़ा नहीं कराकर पुराने बस अड्डे पर ही खड़ा रहने दिया। इसी बीच मौका पाकर कोई बस को चोरी करके ले गया था। जिसके बाद विभाग में खलबली मच गई थी। हालंकि अगले दिन सुबह बस दातागंज में खड़ी मिली थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस बस को चोरी करने वाले की तलाश में लगे हुए है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पुराने रोडवेज बस अड्डे से हुई बस चोरी के मामले में सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि साइकिल, बाइक या कार छोडो, चोरों ने बस स्टैंड से सरकारी बस को भी पार कर दिया। उन्होंने कहा कि एक दिन बुलडोजर भी गायब हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चुनी गईं सीमा कश्यप
