अयोध्या: कई वर्षों से है सडक गढ्ढ़ायुक्त और जर्जर, आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं, नहीं हो रही सुनवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। सोहावल से मसौधा के बीच लाखों रुपये की लागत से बनी 15 किमी. लंबी सड़क की बदहाली सरकारी विकास को ‘आइना’ दिखाने के लिये काफी है। दर्जन भर से अधिक गांवों को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग बदहाली का शिकार हो गया है। हालात यह है कि सड़क पर बने गड्ढे से आये दिन …

अयोध्या। सोहावल से मसौधा के बीच लाखों रुपये की लागत से बनी 15 किमी. लंबी सड़क की बदहाली सरकारी विकास को ‘आइना’ दिखाने के लिये काफी है। दर्जन भर से अधिक गांवों को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग बदहाली का शिकार हो गया है। हालात यह है कि सड़क पर बने गड्ढे से आये दिन हादसे हो रहे और कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सवाल उठना लाजिमी है कि जब जनसेवक ही समस्याओं का समाधान नहीं करेंगे, तो जनता किससे अपनी फरियाद करने जाय।

सोहावल तहसील क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह सडक कई वर्षों से गढ्ढ़ायुक्त और जर्जर है। जिसके कारण दर्जन भर से अधिक गावों के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोला निवासी राशिद जमील का कहना है कि 2016-17 में 70 लाख रुपये के बजट से सड़क मरम्मत का कार्य हुआ था, लगभग सात वर्ष बीतने के बाद अब सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

उनका कहना है कि संपर्क मार्ग पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आना जाना रहता है, जिसके कारण लोगों को परेशानियां उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जगह-जगह हुए जलभराव के कारण लोग गिरकर चोटहिल हो जाते हैं। स्थानीय निवासी फरीद अहमद, दीनानाथ वर्मा व नीरज वर्मा का कहना है कि इस मामले को लेकर कई बार जिले के उच्चाधिकारियों से शिकायत भी की गई, पर नतीजा सिफर रहा।

वहीं क्षेत्र के अन्य लोगों राकेश वर्मा, ध्रुव चंद वर्मा व लाल मोहम्मद का कहना है कि सड़क जर्जर होने का सबसे बड़ा कारण बड़े वाहन हैं। संपर्क मार्ग पर केएम शुगर मिल होने के कारण गन्ना लड़ी ट्रालियां गुजरती रहती हैं। वहीं सरयू नदी पर पुल बनने के कारण गोंडा जाने वाले वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है।

जिसके कारण सड़क की स्थिति पहले से खराब हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है वर्तमान में सड़क के दोनों ओर समदा झील पर पक्षी विहार बनाने की योजना पर काम चल रहा है। सरकार इतना महत्वपूर्ण योजना शुरू करने जा रही है, सडक न दुरुस्त हुई तो लोग आएंगे जाएंगे कैसे। जल्द से जल्द सडक का निर्माण कराया जाये।

यह भी पढ़ें-अयोध्या की खस्ताहाल सड़कें: स्थानीय लोगों ने की जनप्रतिनिधियों से शिकायत, नहीं हुई सुनवाई

संबंधित समाचार