पीलीभीत: बीच बाजार होमगार्ड को असलहा दिखाकर धमकाया, मचा हड़कंप
पीलीभीत, अमृत विचार। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियम पालन पर अफसर जोर दे रहे हैं। लोगों को सुरक्षित माहौल देने का दावा किया जा रहा। इसी बीच सरे बाजार मुख्य चौराहा पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को दबंगों ने असलहा दिखाकर धमकाया। उसे देख …
पीलीभीत, अमृत विचार। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियम पालन पर अफसर जोर दे रहे हैं। लोगों को सुरक्षित माहौल देने का दावा किया जा रहा। इसी बीच सरे बाजार मुख्य चौराहा पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को दबंगों ने असलहा दिखाकर धमकाया। उसे देख लेने की धमकी दे दी गई। घटना से हड़कंप मचा रहा। बताते हैं कि दबंग के कुछ साथी दोबारा मौके पर भी आ गए। चौराहा पर हंगामा चलता रहा और कोतवाली पुलिस काफी देर तक घटना से ही अंजान बनी रही।
घटना शहर के ड्रमंडगंज चौराहा की है। यह बाजार के बीच मुख्य चौराहा है। एक तरफ जेपी रोड, दूसरी तरफ मुख्य बाजार को रास्ता जाता है। यह चार पहिया वाहनों का नो एंट्री प्वाइंट भी है। शहरी और ग्रामीण इलाकों की भीड़ को देखते हुए जाम के हालता बने रहते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। रोज की तरह रविवार को होमगार्ड जवान ड्यूटी पर थे। इसी बीच एक कार नो एंट्री में प्रवेश करती दिखी। इसके बाद ड्यूटी कर रहे होमगार्ड ने कार सवार को रोक लिया और नियम गिनाएं। इसी बीच कार चालक की होमगार्ड से कहासुनी हो गई।
बताते हैं कि धमकाते हुए कार चालक मौके से चले गए। कुछ देर बाद दो व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर आए। एक के हाथ में असलहा था। कार रोकने को लेकर हुई कहासुनी को मुद्दा बनाते हुए होमगार्ड को धमकाना शुरू कर दिया। आसपास के व्यापारी भी हंगामा देख दंग रह गए। असलहा दिखाकर धमकाने के बाद अंजाम भुगतने की धमकी देकर चले गए। इसकी सूचना मिलने पर टीएसआई पुलिस निर्देश चौहान पुलिस बल के साथ पहुंच गए। होमगार्ड ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सभी कोतवाली पहुंच गए और कार्रवाई को लेकर मंथन चलता रहा। दूसरे पक्ष से भी दो युवक कोतवाली ले जाए गए। घटना को लेकर बाजार में हड़कंप मचा रहा।
टीएसआई बोले- करा रहे हैं जांच
नो एंट्री में कार ले जाने पर होमगार्ड ने रोक दिया था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। असलहा दिखाकर धमकाने की बात नहीं है। दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है। मामले की जांच करा रहे हैं।- निर्देश चौहान, टीएसआई।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: मगरमच्छ ने महिला को दबोचा, गंभीर रूप से जख्मी
