देश में कोरोना मरीजों की संख्या 224215 हुई, रिकवरी दर 47.90 फीसदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की संख्या सवा दो लाख के करीब पहुंच गयी है लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और गुरूवार को यह दर 47.90 फीसदी हो गयी जबकि मृत्यु दर केवल 2.81 प्रतिशत रही। कोरोना मरीजों के …

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की संख्या सवा दो लाख के करीब पहुंच गयी है लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और गुरूवार को यह दर 47.90 फीसदी हो गयी जबकि मृत्यु दर केवल 2.81 प्रतिशत रही। कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बुधवार को हालांकि 48.28 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर 2.80 प्रतिशत रही।

मंगलवार को स्वस्थ होने की दर 48.36 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर मात्र 2.79 प्रतिशत रही। सोमवार को संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 48.42 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर मात्र 2.86 प्रतिशत रही। इससे पहले रविवार को संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 47.62 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर केवल 2.83 प्रतिशत रही।

‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के 224215 मामलों की गुरुवार की रात तक पुष्टि हो चुकी है। आज सुबह यह संख्या 216919 थी। अब तक कुल 107419 मरीज स्वस्थ हुये हैं जबकि 6301 लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य 110484 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2933 नये मामले सामने आये हैं और 123 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 77793 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2710 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 1352 लोग रोगमुक्त हुए है जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 33681 हो गयी है।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 27256 पर पहुंच गयी है तथा 223 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 14901 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है और देश में दिल्ली संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 23645 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 615 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 9542 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

इसके बाद कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात है। गुजरात में अब तक 18609 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1155 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 12667 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 9857 हो गयी है तथा 213 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7104 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश संक्रमण के मामले में छठे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक 9237 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 245 लोगों की मौत हुई है जबकि 5439 लोग इससे ठीक हुए हैं।

मध्य प्रदेश में 8588 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं तथा 371 की इससे मौत हो गयी है जबकि 5445 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। पश्चिम बंगाल में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है और अब यह संक्रमण के मामले में आठवें स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 6876 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 355 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक 2768 लोग ठीक हुए है।

इसके बाद बिहार की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है जहां कोरोना से अब तक 4420 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 28 लोगों की मौत हुयी है। दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 4320 तथा 4112 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 57 एवं 71 है।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3142 हो गई है और 35 लोगों की मृत्यु हुई है। पंजाब में 2415 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 47 लोगों की मौत हुयी है। इसके अलावा हरियाणा में 24 , केरल में 15, उत्तराखंड में 10, ओडिशा में नौ, हिमाचल प्रदेश में छह, झारखंड और चंडीगढ़ में पांच-पांच, असम में चार, छत्तीसगढ़ में दो तथा लद्दाख और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

संबंधित समाचार