सोहावल में टिकट खिड़की बंद, ट्रेन में बिना टिकट सफर करने को मजबूर हैं यात्री
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार । उत्तर रेलवे अयोध्या जनपद के सोहावल रेलवे स्टेशन से बिना टिकट ट्रेन से यात्रा करना यात्रियों की मजबूरी बन गई है। यहां टिकट काटने वाले एसटीबी स्टॉफ का पद करीब दो वर्ष से खाली पड़ा है, जिस वजह से करीब 6 से भी अधिक ट्रेनों पर यात्री बिना टिकट सवार …
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार । उत्तर रेलवे अयोध्या जनपद के सोहावल रेलवे स्टेशन से बिना टिकट ट्रेन से यात्रा करना यात्रियों की मजबूरी बन गई है। यहां टिकट काटने वाले एसटीबी स्टॉफ का पद करीब दो वर्ष से खाली पड़ा है, जिस वजह से करीब 6 से भी अधिक ट्रेनों पर यात्री बिना टिकट सवार होते हैं, जबकि लंबी दूरी तय करने वाले जनरल टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को करीब 17 किलोमीटर दूर आकर अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से टिकट लेना पड़ता है। यात्री भगवान के सहारे ट्रेन पर सवार हो जाते हैं अगर टीटी मिलता है तो टिकट बनवा लेते है। नहीं मिला तो अपने गंतव्य तक किसी तरह पहुंच जाते हैं।
अधिकांश लोगों का मोह स्टेशन से भंग हो गया है। यहां टिकट की व्यवस्था न होने पर लखनऊ या फिर वाराणसी की तरफ की यात्रा बसों के माध्यम से करना लोगों की मजबूरी हो गई है, जिस वजह से ऐसे यात्रियों की जेब पर किराये का अधिक बोझ तो पड़ता ही है साथ ही समय भी ज्यादा लगता है। इसका नुकसान रेलवे विभाग के खजाने पड़ भी पड़ रहा है।
एसटीबी का पद खाली होने की वजह से सोहावल स्टेशन पर दो वर्षों से टिकट खिड़की बंद है। यहां पर करीब दर्जन भर पैसेंजर और कुछ एक्सप्रेस गाड़ियों का ठहराव होने के बावजूद टिकट नहीं मिलने की मजबूरी पर बिना टिकट ट्रेन पर यात्रा करने को यात्री मजबूर हैं। भाकियू के प्रदेश सचिव फरीद अहमद और जिलाध्यक्ष नकुल पांडेय आदि ने कड़ा विरोध जताते हुए रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर जल्द टिकट काटने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। फरीद अहमद ने कहा रेलवे प्रशासन ने यदि यात्रियों की टिकट सुविधा पर जल्द ध्यान नहीं दिया।तो भाकियू आंदोलन के लिये बाध्य हो जायेगा।
ये कहते हैं जिम्मेदार
कोरोना काल से अब तक एसटीबी पद रिक्त होने की वजह से टिकट कटने की व्यवस्था स्टेशन पर नहीं है। करीब दो साल से टिकट बुकिंग व्यवस्था बंद पड़ी है।
-पीआर मीना, स्टेशन अधीक्षक, सोहावल
यह भी पढ़ें –बरेली: आक्रोशित महिलाओं ने कोटा डीलर पर लगाए ये गंभीर आरोप
