मुरादाबाद : सड़क पर तड़पी ममता, चीख उठे जज्बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अपने ही लख्तेजिगर को गले लगाने की हसरत लेकर एक मां मंगलवार को हल्द्वानी से मुरादाबाद पहुंची। घंटों बच्चों के स्कूल गेट निहारते पथरा चुकी कातर नजरों को राहत भी नसीब नहीं हो सकी कि अपनों का कहर बज्रपात बनकर ममता पर टूट पड़ा। गृह कलह में एक महिला को सरेबाजार इस …

मुरादाबाद, अमृत विचार। अपने ही लख्तेजिगर को गले लगाने की हसरत लेकर एक मां मंगलवार को हल्द्वानी से मुरादाबाद पहुंची। घंटों बच्चों के स्कूल गेट निहारते पथरा चुकी कातर नजरों को राहत भी नसीब नहीं हो सकी कि अपनों का कहर बज्रपात बनकर ममता पर टूट पड़ा। गृह कलह में एक महिला को सरेबाजार इस कदर पीटा गया कि मां के जज्बातों की चीख निकल गई। संबंधों में रार की दिल दुखाने वाली घटना फिलहाल पुलिस की चौखट पर है। आरोपी पति कानून की गिरफ्त में है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में नवीन नगर की रहने वाली निधि दिवाकर के मुताबिक 12 वर्ष पहले उनकी शादी गंज बाजार कोतवाली के रहने वाले राजू संग हुई। दंपती ने जीवन के सपने संग बुने। मेहरबान वक्त ने दो बच्चों से दंपती का दामन भी भरा। कुछ ही वर्षों बाद क्रूर नियति की नजर दंपती पर गड़ गई। जेठ संग सराफा कारोबार में साझीदार पति खुद की जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह हो गया। दायित्व के प्रति पति की बेरुखी महिला के दिल की कसक बनने लगी। परिजनों के उपेक्षित बर्ताव से विचलित महिला के जीवन पर बीता जनवरी पहाड़ बनकर टूटा। जेठ व ससुरालियों के बर्ताव से तंग महिला उत्तराखंड के काशीपुर में रहने वाली बड़ी बहन के पास पहुंची। वहां बहन ने दोनों बच्चों के बावत पूछा। तब पीड़िता ने कहा कि ससुरालियों ने मारपीट कर बेघर कर दिया। बच्चों तक के पांव में बेड़ी डाल दी। एक माह बाद बड़ी बहन ने पहल की। पीड़िता वापस ससुराल लौटी। समझौते के बाद भी ससुरालियों के रुख में परिवर्तन नहीं हुआ।

उपेक्षा की शिकार महिला के चरित्र पर अंगुली उठाई जाने लगी। ससुराल में अस्तित्व के संकट से जूझ रही महिला के सब्र का बांध अंतत: टूट गया। बाकी बहू पुलिस की चौखट पर पहुंच गई। सिटी कोतवाली में ससुरालियों के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ। फिर आरोपियों ने भी अपनी ही बहू को बेघर कर दिया। मजबूर महिला ममता से मुंह मोड़ हल्द्वानी जाने पर विवश हो गई। मंगलवार को एक बार फिर वह 12 वर्षीय बेटी से मिलने कंपनी बाग स्थित केसीएम स्कूल पहुंची। स्कूल से बेटी के बाहर निकलने की राह ताक रही महिला तब अचानक अवाक रह गई, जब पति समेत ससुराली अचानक उस पर टूट पड़े।

रिश्ते व मर्यादाओं को सरेराह तार-तार करने पर आमादा हमलावरों को यह भी परवाह नहीं रह गई कि कातर नजरें सैकड़ों किमी का सफर कर सिर्फ अपने बच्चों को निहारने मुरादाबाद आई हैं। कंपनी बाग में मारपीट की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी पति पुलिस कस्टडी में है। उधर पति व ससुरालियों के तीखे बर्ताव से आहत महिला ने फिलहाल अपने सहेली के घर शरण ली है। प्रकरण में देर रात तक मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी। सीओ सिविल लाइंस अनूप कुमार ने कहा कि तहरीर नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : तीन माह बाद टूटी नेपाली दूतावास की नींद, एनजीओ के सुपुर्द की किशोरी

संबंधित समाचार