राशन वितरण अन्य खर्चों में मिली गड़बड़ी तो नपेंगे जिम्मेदार: प्रभारी मंत्री
बरेली, अमृत विचार। जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार को वेबिनार के जरिए प्रेसवार्ता की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के समय में कम्युनिटी किचन और अन्य मदों में हुए खर्चे का ऑडिट सरकार कराएगी। बरेली में भी मेरठ की तरह आडिट कराया जाएगा। अगर किसी …
बरेली, अमृत विचार। जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार को वेबिनार के जरिए प्रेसवार्ता की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के समय में कम्युनिटी किचन और अन्य मदों में हुए खर्चे का ऑडिट सरकार कराएगी। बरेली में भी मेरठ की तरह आडिट कराया जाएगा। अगर किसी ने अनियमितता की होगी तो वह बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा अगर राज्य सरकारें एकजुटता दिखातीं तो प्रवासियों के पैदल चलने की समस्या नहीं उत्पन्न होती। इस दृश्य को देख कर हम काफी दुखी हुए हैं। नान-कोविड मरीजों को टेलीमेडिसिन के द्वारा और कुछ हॉस्पिटलों को सुरक्षा मानकों के प्रयोग के साथ खोलने की इजाजत दी गई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मनरेगा के तहत बरेली में भी 68000 लोगों काम दिया गया है। प्रवासी मजदूरों को दोबारा प्रदेश छोड़कर बाहर न जाना पड़े, इसको लेकर सरकार गंभीर है। सरकार को गरीब की झोपड़ी में रोशनी की चिंता है। शौचालय बनवाने की चिंता है। पांच लाख आयुष्मान योजना के तहत दिया जा रहा है।
हर गरीब को पक्की छत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। 20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज देकर मजदूर, किसान, रेहड़ी-पटरी, व्यापारी और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया है। अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। देश को आत्मनिर्भर बनाकर ही चीन जैसी ताकत को जवाब दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकल से वोकल बनाने का मंत्र दिया है। 30 लाख प्रवासी श्रमिकों को प्रदेश में रोजगार मिलेगा। 24 घंटे बिजली देने की पहल हमने शुरू की है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का काम होगा। हमें दो गज की दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाकर जरूरी होने पर ही घरों से निकलना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तीन माह तक नि:शुल्क राशन की व्यवस्था की जा रहा थी, जिसे बढ़ाकर पांच माह कर दिया गया है। मजदूरों का पलायन रोकने के लिए केंद्र सरकार ने 36000 करोड़ राज्यों को दिए हैं। रेड जोन, ऑरेंज, ग्रीन जोन बनाए गए। जब संकट आया था देश में टेस्टिंग लैब नहीं थे, मशीन, पीपीई किट नहीं थीं, आइसोलेशन वार्ड नहीं थे, कोविड अस्पताल नहीं थे,मास्क नहीं थे। आज मास्क और पीपीई किट बनाने में भारत का विश्व में दूसरा स्थान है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की एक साल की उपलब्धियों को भी गिनाया।
प्रेस वार्ता का संचालन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने किया। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश सह संयोजक आईटी कामेश्वर मिश्रा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश सह मीडिया संपर्क प्रमुख अभय प्रताप सिंह, बृजक्षेत्र मीडिया संपर्क प्रमुख केके भारद्वाज, बृजक्षेत्र सह मीडिया प्रभारी आशीष सक्सेना, महानगर मीडिया प्रभारी प्रतिपाल सिंह उर्फ बंटी ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी भी मौजूद रहे।
