बरेली: घर से भागे कोरोना पॉजिटिव को पकड़कर आईसोलेट किया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला चकमहमूद निवासी युवक जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही युवक घर से भाग निकला। एबुंलेंस का स्टॉफ और पुलिस उसे घंटों तलाश करती रही लेकिन युवक नहीं मिला। पुलिस ने जब दबाव बनाया, तब रोगी देर रात अपने घर पहुंच गया। इसके बाद एबुंलेस उसे …

बरेली,अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला चकमहमूद निवासी युवक जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही युवक घर से भाग निकला। एबुंलेंस का स्टॉफ और पुलिस उसे घंटों तलाश करती रही लेकिन युवक नहीं मिला। पुलिस ने जब दबाव बनाया, तब रोगी देर रात अपने घर पहुंच गया। इसके बाद एबुंलेस उसे लेकर बिथरी चैनपुर कोविड-19 अस्पताल पहुंची और उसको आईसोलेट किया जा सका।

पुरानाशहर के चकमहमूद में मेमरान मस्जिद के पास रहने वाला युवक मुंबई से यहां आया था। वहां से आने के बाद उसका कोरोना टेस्ट किया गया। शुक्रवार पांच बजे उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव रिपोर्ट आने की जानकारी मिलते ही युवक अपने घर से भाग गया। उधर अस्पताल प्रशासन ने उसे कोविड अस्पताल में भेजने के लिए एबुंलेंस भेजी, लेकिन वह नहीं मिला।

एंबुलेंस चालक अफजाल खां और ईएमटी चंद्रिका प्रसाद ने जब कोरोना संक्रमित रोगी से फोन पर संपर्क किया, तब उसने इलाज कराने से इन्कार कर दिया। कहा कि जिस डॉक्टर ने रिपोर्ट तैयार की है, वह झूठा है उसके खिलाफ वह मुकदमा कराएगा।

एबुंलेंस चालक और ईएमटी ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी, तब अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत इंस्पेक्टर बारादरी नरेश कुमार त्यागी से वार्ता की। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने उसके परिजनों पर दबाव बनाया, तब कोरोना संक्रमित रोगी वापस आ गया। इसके बाद एबुंलेंस स्टॉफ उसे बिथरी चैनपुर लेकर पहुंचा, वहां कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया।

चनेहटी के संक्रमित का परिवार भी भाग गया
चनहेटी की प्रकाश कॉलोनी में रहने वाला युवक दिल्ली से आया था। जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया, तब एबुंलेंस उसे लेने के लिए घर पर पहुंची थी। युवक तो एबुंलेंस के साथ अस्पताल में पहुंच गया। लेकिन जब एबुंलेस का स्टाफ दोबारा उसके परिजनों को जांच के लिए लेने पहुंचा, तब परिवार भाग गया। सुबह तक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कोरोना संक्रमित के परिवार की तलाश करते रहे। आखिर में चनहेटी के ग्राम प्रधान की मदद से शुक्रवार सुबह पांच बजे कोरोना संक्रमित का परिवार पकड़ में आ सका। इसके बाद सभी के सैंपल लिए गए। अभी जांच रिपोर्ट आनी है।

घंटों इंतजार के बाद भी नहीं किए भर्ती
बिथरी चैनपुर में कोरोना संक्रमित रोगियों को भर्ती करने के लिए कोविड अस्पताल बनाया गया है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे फरीदपुर दो एंबुलेंस तीन रोगियों को और बरेली से एक रोगी को एबुलेंस लेकर पहुंची थीं, लेकिन एबुंलेंस के चालकों और ईएमटी को रोगी भर्ती कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। एबुंलेंस में आए मरीज भी परेशान होते रहे। आखिर में जब एबुंलेंस स्टॉफ ने हंगामा काटा तब रोगियों को भर्ती किया जा सका।

संबंधित समाचार