अयोध्या: जिले में है कुल 18 लाख मतदाता, अब तक जुड़े बस 4 लाख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अगस्त का पूरा महीना गुजर गया मगर मतदाता सूची के साथ स्वैच्छिक आधार नम्बर जोड़ने का अभियान अयोध्या में काफी पीछे चल रहा है। खराब प्रगति को देखकर लग रहा है कि इस एक माह में सिर्फ अभियान के नाम पर औपचारिकताएं ही निभाई गईं। अभी तक केवल 23.23 प्रतिशत मतदाताओं के ही आधार …

अयोध्या। अगस्त का पूरा महीना गुजर गया मगर मतदाता सूची के साथ स्वैच्छिक आधार नम्बर जोड़ने का अभियान अयोध्या में काफी पीछे चल रहा है। खराब प्रगति को देखकर लग रहा है कि इस एक माह में सिर्फ अभियान के नाम पर औपचारिकताएं ही निभाई गईं। अभी तक केवल 23.23 प्रतिशत मतदाताओं के ही आधार मतदाता सूची से जुड़ सके हैं।

जिले में कुल 18 लाख मतदाता दर्ज है। जिनमें से अभी तक मात्र 4 लाख 14 हजार मतदाताओं का आधार ही जोड़ा जा सका है। शेष बचे 13 लाख 86 हजार मतदाताओं के आधार जोड़ने की कवायद चल रही है। मतदाता सूची के साथ आधार की फीडिंग बूथ लेबल अफसर को करनी है। इसे लेकर बीच में बूथों पर अभियान भी चलाया जा रहा है। मगर जनपद में आधार नम्बर फीडिंग एक माह में मात्र 23.23 प्रतिशत हो सकी है।

सबसे खराब स्थिति बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में है जहां मात्र 18 प्रतिशत ही फीडिंग हुई है। गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में 19.60 प्रतिशत ही फीडिंग हो सकी है। वहीं मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में 19.84 प्रतिशत आधार फीड हुआ है। सबसे बेहतर प्रगति रूदौली विधानसभा क्षेत्र में है जहां 27.56 प्रतिशत फीडिंग हुई। इसके बाद अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में भी 26.67 प्रतिशत फीडिंग हो गई है।

यह हाल तब है जब प्रत्येक रविवार बूथों पर बीएलओ आधार फीडिंग के लिए लगाए गए हैं। हालांकि बीएलओ का तर्क है कि जो स्वेच्छा से आकर फीडिंग करा रहे हैं मतदाता सूची से उन्हीं का नाम लिंक किया जा रहा है। एडीएम प्रशासन उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि चूंकि यह स्वैच्छिक है इसलिए ऐसा है। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से अभियान चल रहा है। बीएलओ घर-घर भी भ्रमण कर सभी मतदाताओं से फार्म-छह ख का फार्म भरते हुए आधार संख्या एकत्र कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-लखनऊ: आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार