बरेली: 73 होटलों में नहीं अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, रिपोर्ट बीडीए को भेजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ के सुल्तानगंज क्षेत्र स्थित लवाना होटल में कुछ दिन पूर्व लगी भीषण आग के बाद प्रदेश में होटलों की चेकिंग कर अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम परखने के निर्देश हैं। शासन की सख्ती के बाद शहर के 95 होटलों में अग्निशमन विभाग ने जांच की। इनमें 73 होटलों में आग बुझाने के …

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ के सुल्तानगंज क्षेत्र स्थित लवाना होटल में कुछ दिन पूर्व लगी भीषण आग के बाद प्रदेश में होटलों की चेकिंग कर अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम परखने के निर्देश हैं। शासन की सख्ती के बाद शहर के 95 होटलों में अग्निशमन विभाग ने जांच की। इनमें 73 होटलों में आग बुझाने के इंतजाम पूरे नहीं मिले। जबकि ये होटल व सराय सालों से अग्निशमन सुरक्षा ताक पर रखकर संचालित हो रहे हैं। होटल संचालकों ने सात दिन में सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया तो इन पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी। अग्निशमन विभाग ने बरेली विकास प्राधिकरण को जांच आख्या भेजी है। इसके साथ प्रशासन भी तहसील सदर से रिपोर्ट तैयार करा रहा है।

सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि लखनऊ में होटल में हादसे के बाद जिले में भी होटल और सरायों में दमकल के मानकों को चेक किया गया। इसके तहत शहर के 95 होटलों की जांच की गई। इसमें से 73 होटल के पास आग बुझाने के मानक ही पूरे नहीं मिले। इन सभी होटल और सरायों को नोटिस जारी कर सात मानक पूरा करने के लिए सात दिन का समय दिया गया। सात दिन बाद दमकल की टीम फिर से जांच करेगी और इस बार मानक पूरे न करने वाले होटलों को सीज किया जा सकता है।

दमकल की टीम देखकर भाग गए कोई लोग
दमकल की टीम को देखकर गली-मोहल्लों में खुले सराय वाले वहां से भाग गए। पुलिस ने जब बाहर लिखे नंबरों पर फोन किया तो वह बंद आने लगा। इन सराय वाली गलियों में दमकल की गाड़ी तक नहीं जा सकती है।

सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि होटल मालिकों को मानक पूरे करने के लिए नोटिस दिया गया है। सात दिनों में उन्हें मानक पूरे करने का समय दिया है। अगर सात दिन में होटल संचालक मानक पूरे नहीं करते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

तहसील में भी तैयार हो रही सूची
एफएसओ ने बताया कि दमकल की टीम तहसील स्तर पर भी चेकिंग कर रही है। वहां भी कई होटल और सरायों को नोटिस जारी किए गए हैं। जिनके मानक पूरे नहीं हैं, उन्हें नोटिस जारी कर मानक पूरा करने का समय दिया गया है।

इन होटलों एवं गेस्ट हाउसों के पास मानक नहीं मिले पूरे
सिविल मिलिट्री होटल, होटल कार्लटन, होटल पटेल कोणार्क, होटल एआर पैलेस, एसएसटी गेस्ट हाउस, एसजीएन गेस्ट हाउस, होटल सफायर, होटल राज, होटल शान रायल, सिमाया गेस्ट हाउस, साहिल गेस्ट हाउस, क्लासिक गेस्ट हाउस, किंग गेस्ट हाउस, गोल्ड स्टार गेस्ट हाउस, गोल्ड गेस्ट हाउस, मंजिल गेस्ट हाउस, सुपर इंडियन गेस्ट हाउस, रिओ सिटी गेस्ट हाउस, होटल बरेली पैलेस, होटल के बरेली, होटल रायल क्लासिक, होटल श्री राजकमल, बालाजी गेस्ट हाउस, होटल ब्रोडवे, होटल आशा किरन, होटल श्री भास्कर व होटल ईस्ट लाइट व अन्य में मानक पूरे नहीं मिले हैं।

ये भी पढ़ें- प्री स्टेट शूटिंग में बरेली के निशानेबाजों ने जीते 18 मेडल, शहर का नाम किया रौशन

संबंधित समाचार