अयोध्या: औषधि निरीक्षक पर यौन उत्पीड़न का आरोप, मुकदमा दर्ज
अयोध्या। औषधि निरीक्षक प्रबोध रस्तोगी पर नर्सिंग होम की महिला स्टाफ पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट की तथा गाली गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी भी दी। शिकायत पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने औषधि निरीक्षक समेत तीन के …
अयोध्या। औषधि निरीक्षक प्रबोध रस्तोगी पर नर्सिंग होम की महिला स्टाफ पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट की तथा गाली गलौज करते हुए जान से मार देने की धमकी भी दी। शिकायत पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने औषधि निरीक्षक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के शंकरगढ़ बाजार बाबा का पुरवा पाल मेडिकल केयर सेंटर रमेश चंद्र पाल का आरोप है कि 24 जनवरी की शाम औषधि निरीक्षक अपने सहयोगी मनोज सिंह व 2-3 अन्य के साथ क्लीनिक पहुंचे और नर्सिंग होम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी। महिला स्टाफ के साथ अभद्रता करने पर वह मौके पर पहुंचे। इस दौरान औषधि निरीक्षक महिला स्टाफ का हाथ पकड़कर एक केबिन में ले जा चुके थे।
आरोप है कि हस्तक्षेप करने पर निरीक्षक के साथी मनोज सिंह व उनके साथियों ने मारपीट की और नर्सिंग होम बंद कराने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने जबरिया महिला स्टाफ का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और बाद में फोन और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक बातें करने लगे। इसके साथ ही महिला स्टाफ पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया और प्रलोभन भी दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 3 मार्च को औषधि निरीक्षक एक बार फिर नर्सिंग होम आ धमके और धमकी दी कि महिला स्टाफ को एक रात के लिए उनके पास भेज दें नहीं तो नर्सिंग होम बंद करवा देंगे। शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग व मैसेज मौजूद होने का दावा भी किया है।
श्रीपाल का कहना है कि रोज-रोज की किच-किच से तंग वह समझाने बुझाने के लिए कार्यालय गए तो औषधि निरीक्षक ने कार्रवाई में फंसा देने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि लॉकडाउन के चलते वह शांत रहे, इसलिए अब शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
