बरेली: स्टेशन इंचार्ज ने रोडवेज चालक को बीच सड़क पर पीटा, वीडियो वायरल
बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट बस अड्डे के स्टेशन इंचार्ज का मारपीट और गाली देते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह एक चालक को पीटते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो जब आरएम के पास पहुंचा तो उन्होंने एआरएम को जांच के आदेश देकर रिपोर्ट तलब की है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई तय …
बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट बस अड्डे के स्टेशन इंचार्ज का मारपीट और गाली देते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह एक चालक को पीटते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो जब आरएम के पास पहुंचा तो उन्होंने एआरएम को जांच के आदेश देकर रिपोर्ट तलब की है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई तय मानी जा रही है।
सेटेलाइट बस अड्डे से बिना टाइमटेबल सवारियां बैठाकर उत्तराखंड के बस जाने की शिकायत करना रोडवेज के एक चालक को महंगा पड़ गया। रुहेलखंड डिपो के चालक से सेटेलाइट स्टेशन इंचार्ज ने बीच सड़क पर मारपीट कर गाली-गलौज की। रुहेलखंड डिपो के चालक रीतराम ने बताया कि सेटेलाइट बस अड्डे पर उत्तराखंड की बसें आती हैं और बिना टाइमटेबल सवारियां बैठाकर रवाना हो जाती हैं। इससे काफी दिक्कत होती है।
इसकी शिकायत चालक ने सेटेलाइट स्टेशन इंचार्ज अमरीश सक्सेना से की तो वह गाली-गलौज करने के बाद बीच सड़क पर पीटने लगे। इसके बाद आसपास के लोगों ने मामले को शांत किया। किसी ने स्टेशन इंचार्ज का मारपीट करते हुए वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो जब रोडवेज के अन्य चालकों के पास पहुंचा तो उनमें आक्रोश फैल गया।
आरएम आरके त्रिपाठी ने बताया कि एक वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। इसके बाद एआरएम को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। किसी भी कर्मचारी से गाली-गलौज और अभद्रता करना गलत है, इसमें दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।
सेटेलाइट स्टेशन इंचार्ज अमरीश सक्सेना ने कहा कि सेटेलाइट बस अड्डा परिसर में अंदर आकर एक टैक्सी सवारी भर रही थी, जिसके बाद पुलिस को बुला लिया। चालक को बस लाकर सवारी ले जाने को कहा था। चालक गाड़ी नहीं लगा रहा था। चालक को डांटा तो किसी ने वीडियो बना ली। मारपीट का आरोप गलत है। वीडियो से छेड़छाड़ की गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: नवयुवक ने गोली मार कर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
