बरेली: ‘इन्हें भगाओ, यही लोग यहां कोरोना फैला रहे हैं’
बरेली,अमृत विचार। रोडवेज की बरेली एवं रुहेलखंड डिपो की कार्यशाला पर बुधवार सुबह चालकों और परिचालकों ने जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि रोडवेज कार्यशाला के फोरमैन उन लोगों को परिसर में प्रवेश करने से रोकते हैं। गाली गलौच करते है, और कार्यशाला में घुसने पर पाबंदियां लगाते है। चालक परिचालकों को कोरोना फैलाने वाला …
बरेली,अमृत विचार। रोडवेज की बरेली एवं रुहेलखंड डिपो की कार्यशाला पर बुधवार सुबह चालकों और परिचालकों ने जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि रोडवेज कार्यशाला के फोरमैन उन लोगों को परिसर में प्रवेश करने से रोकते हैं। गाली गलौच करते है, और कार्यशाला में घुसने पर पाबंदियां लगाते है। चालक परिचालकों को कोरोना फैलाने वाला कहते हैं। हंगामे ने जब तूल पकड़ा तो और भी कई मामले सामने आए।
चालक परिचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि न तो बस को सैनेटाइज किया जाता है और न ही चालक परिचालकों को मास्क और सैनेटाइजर दिया जाता है। हंगामा बढ़ने की सूचना पर बरेली और रुहेलखंड डिपो के एआरएम मौके पर पहुंचे और समझा बुझा कर जैसे-तैसे मामले को शांत कराया। हांलाकि चालक-परिचालक फोरमैन को पद से हटाने की जिद पर अड़े रहे।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे चालक परिचालक जब बसों को लेने पहुंचे तो रुहेलखंड डिपो के फोरमैन अनिल बॉबी ने उन्हें कार्यशाला में अंदर जाने से रोक दिया। पहले से जो चालक परिचालाक कार्यशाला में मौजूद थे। उनके साथ भी गालीगलौज की।
आरोप लगाया कि अनिल बॉबी ने चालक-परिचालकों को कोरोना फैलाने वाला बताते हुए कहा कि इन सब को यहां से भगाओ यही लोग कोरोना फैला रहे हैं। इसी बात को लेकर हंगामा होने लगा। बात इतनी बढ़ गई की बरेली और रुहेलखंड डिपो के एआरएम चीनी प्रसाद और भुवनेश्वर कुमार को मौके पर पहुंचना पड़ा।
दोनों एआरएम के मौके पर पहुंचते ही चालक परिचालकों ने उन्हें भी घेर लिया। फोरमैन अनिल बॉबी को हटाने की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब एआरएम ने फोरमैन और चालक परिचालकों का आमना सामना कराया तो बात और बिगड़ गई। हालांकि एआरएम ने जैसे तैसे दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया लेकिन इस दौरान चालकों ने कई गंभीर आरोप भी लगाए।
“हम 5 लोग छत से आ रहे थे तो बॉबी फोरमैन मिले उन्होंने जूनियर फोरमैन चंद्रपाल मौर्य से गाली देते हुए कहा कि इन सब चालकों को यहां से भगाओ। कोई यहां दिखाई नहीं देना चाहिए, वरना ये वर्कशॉप बंद करा देंगे।” -प्रेम शंकर, चालक
“चालक परिचालक और फोरमैन के बीच कुछ बातों को लेकर विवाद हुआ था। चालक परिचालकों का कहना है कि फोरमैन उन्हें गालियां देते है। हालांकि दोनों को आमने सामने लाकर मामले को शांत करा दिया गया है।” -चीनी प्रसाद, एआरएम, बरेली डिपो
“बरेली, रुहेलखंड डिपो के चालक परिचालकों और फोरमैन अनिल बॉबी के बीच सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर विवाद था। हालांकि मामले को सुलझा दिया गया है। अब सब कुछ ठीक है।” -भुवनेश्वर कुमार, एआरएम, रुहेलखंड डिपो
